अंबाला सिटी। शिक्षा विभाग की सुपर-100 योजना विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित हो रही है। जहां विद्यार्थी पैसे के अभाव में लाखों रुपये का प्रशिक्षण नहीं ले पाते। वहीं, इस योजना के तहत राजकीय स्कूलों के विद्यार्थी निशुल्क प्रशिक्षण लेकर प्रदेशभर में नाम चमका रहे हैं।
बीते दिनों जेईई एडवांस का परिणाम जारी हुआ। इसमें सुपर-100 योजना में पढ़ने वाले विद्यार्थियों ने परचम फहराया। अंबाला से भी दो विद्यार्थियों ने बेहतरीन रैंक हासिल की। इनमें नारायणगढ़ के लालपुर गांव के रहने वाले अरुण ने देशभर में 623वीं रैंक हासिल की। अरुण 10वीं कक्षा तक नारायणगढ़ खंड के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कंजाला में पढ़ा। इसी तरह बराड़ा के सुबरी गांव की रहने वाली दिव्या ने 1017वीं रैंक हासिल की। दिव्या पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल उगाला में 10वीं कक्षा तक पढ़ी।
आईएएस बनकर समाज सेवा करना चाहती है दिव्या
दिव्या ने जेईई एडवांस में देशभर में 1017वीं रैंक हासिल की। दिव्या ने बताया कि वह पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल उगाला में पढ़ी। उनके स्कूल प्रधानाचार्य जगदीश मेहरा, अध्यापिका अमरजीत, राहुल सिंगला ने उनको सुपर-100 योजना के बारे में मार्गदर्शन किया था। तब उसने परीक्षा दी और उसका चयन सुपर-100 योजना के लिए हुआ था।
उसने विकल्प फाउंडेशन में दो वर्षीय निशुल्क आवासीय पढ़ाई के बाद जेईई एडवांस में 1017 रैंक हासिल किया। अभी उसकी आईआईटी के लिए काउंसलिंग चल रही है। यह काउंसलिंग जुलाई माह तक चलेगी। वह आईआईटी रूड़की, दिल्ली या कुरुक्षेत्र एनआईटी से बीटेक गणित और कंप्यूटर साइंस करना चाहती है। काउंसिलिंग के बाद ही पता चलेगा कि कौन सा संस्थान मिलेगा। उसका सपना आईएएस बनने का है। वह आईएएस बनकर समाजसेवा करना चाहती हैं। उसके पिता परमजीत सिंह सोफा रिपेयर का कार्य करते हैं। मां पूजा गृहिणी हैं। दो छोटे भाई-बहन हैं।
प्रदेश में जेईई एडवांस में 62 व नीट में 90 विद्यार्थियों का चयन
इस बार नीट और जेईई एडवांस की परीक्षाओं में कुरुक्षेत्र स्थित सुपर-100 के परीक्षार्थियों का दबदबा देखने को मिला। सुपर-100 हरियाणा सरकार एवं विकल्प फाउंडेशन द्वारा चलाई जा रही एक बेहतरीन योजना है ,जो केवल सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए है। अनेक मेधावी विद्यार्थी इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
इस बार के परिणाम पर सुपर-100 संस्थापक नवीन मिश्रा ने कहा कि सुपर-100 के विद्यार्थी निरंतर मेहनत कर रहे हैं और आने वाले वर्षों में इसके सुखद परिणाम देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सुपर 100 के जरिए जेईई एडवांस परीक्षा के लिए 126 विद्यार्थियों ने आवेदन किया। इनमें से 62 ने एडवांस पास किया, जो अब देश के विभिन्न इंजीनियरिंग संस्थानों में पढ़ाई करेंगे और जो विद्यार्थी जेईई मेन उत्तीर्ण कर पाए वह एनआईटी में शिक्षा ग्रहण करेंगे। वहीं, कुल 90 विद्यार्थियों ने नीट के लिए आवेदन किया था और सभी उत्तीर्ण हुए। इन में से 25 विद्यार्थियों ने 720 में से 600 से अधिक अंक प्राप्त किए।
वर्जन
राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए सुपर-100 योजना काफी कारगर साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों का चयन एनआईटी और आईआईटी में हो रहा है। हर वर्ष विद्यार्थी जेईई व नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर आईआईटी व मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे हैं।
पूजा भारद्वाज, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, अंबाला।
वर्जन
सुपर-100 योजना के लिए अब राजकीय स्कूलों में काफी जागरूकता आ चुकी है। पहले के मुकाबले अब ज्यादा विद्यार्थी सुपर-100 के चयन के लिए होने वाली परीक्षा देते हैं। हर वर्ष विद्यार्थी आईआईटी व मेडिकल कॉलेजों में चयनित हो रहे हैं। राजकीय स्कूल के अरुण व दिव्या ने जेईई एडवांस में देशभर में बेहतरीन रैंक हासिल किया है। अब यह विद्यार्थी आईआईटी में शिक्षा ग्रहण करेंगे।
सुरेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला।
जेईई एडवांस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली दिव्या।
जेईई एडवांस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली दिव्या।