अंबाला। पिछले एक महीने से शिव प्रताप नगर में पानी की किल्लत चल रही है। जिसके कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कालोनी में कहीं बहुत कम पानी आ रहा है तो कहीं पर पानी ही नहीं आ रहा। इसके अलावा कुछ गलियों में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। स्थानीय लोगाें का कहना है कि पिछले एक महीने से पानी की सप्लाई बहुत कम आ रही है।
पानी की पाइप लाइन डालने से शुरू हुई समस्या
स्थानीय निवासी प्रभा सैनी ने बताया कि जब से गुरुद्वारे वाली रोड पर पानी के पाइप डाले गए, तब से पानी की समस्या शुरू हुई है। इसके अलावा कृष्णा शर्मा बताती हैं जेसीबी के कारण कई घरों के पानी के कनेक्शन टूट गए थे। जिसके कारण पीने के पानी में नालियों का पानी मिलकर आ रहा है। रुबी गुप्ता ने बताया कि जहां जहां से पानी के पाइप टूटे हुए हैं।
वहां से गंदे पाइप में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। बलबीर कौर ने बताया कि इस पानी को पीने से किसी प्रकार की बीमारी फैल सकती है, इसलिए इस गंदे पानी की जांच करवाई जाए और यह पता करवाया जाए कि यह बदबू कहां से आ रही है। वहीं मंजू यादव का कहना है कि पानी की समस्या को लेकर वह स्थानीय पार्षद सोमनाथ से भी मिले। जिन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पानी की समस्या ठीक करवा दी जाएगी और जो गंदा और बदबूदार पानी आ रही है उसे ठीक करवा दिया जाएगा।
वर्जन
हमारे पास कॉलोनी में पानी न आने की शिकायत आई थी। जिसके कारण कालोनी के लोगाें को रामपुर के टयूबवेल से पानी दिया जा रहा है। गंदे पानी की कोई शिकायत नहीं आई है। अगर कोई शिकायत आती है तो मौका चैक करके समाधान करवा दिया जाएगाी।
जगदीप सिंह विर्क, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, अंबाला छावनी।