अंबाला सिटी। राजकीय स्कूलों के मुख्याध्यापक और पीजीटी अध्यापक प्रधानाचार्य बनेंगे। निदेशालय की ओर से पदोन्नति के लिए केस मांगे हैं। जिले से पहले यह केस 23 मार्च तक भेजे जाने थे।
इसके बाद विभाग ने जल्द ही केस भेजने के निर्देश दिए, जिससे कि पदोन्नति के लिए सूची तैयार की जा सके। पदोन्नति के बाद यह मुख्याध्यापक व पीजीटी प्रधानाचार्य बनेंगे। बता दें कि जिले के राजकीय स्कूलों में प्रधानाचार्य के पद रिक्त हैं। उन स्कूल में वरिष्ठ प्राध्यापक को प्रधानाचार्य का जिम्मा दिया है। इस वजह से स्कूल की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। पद रिक्त होने से स्कूल के विकास कार्य भी प्रभावित होते हैं। यह पद काफी लंबे समय से लंबित हैं।
स्कूलों में जेबीटी के पद भी खाली
राजकीय स्कूलों में जेबीटी के पद भी खाली हैं। जिले के करीब 478 राजकीय स्कूलों में 200 राजकीय स्कूल ऐसे हैं, जिनमें एक ही शिक्षक पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। बीते दिनों हुई जेबीटी की पंजाबी, संस्कृति, हिंदी व अन्य विषयों की पदोन्नति के बाद जेबीटी की संख्या और कम हो गई है। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ भी शिक्षकों की संख्या बढ़ाने की मांग कर चुका है ताकि सभी स्कूलों में शिक्षकों की संख्या बढ़ सके। इसी तरह राजकीय स्कूलों में पीजीटी और टीजीटी शिक्षकों की भी कमी है। कई स्कूलों में पद खाली होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
मिशन बुनियाद कार्यक्रम आज
शहर पुलिस लाइन राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में मिशन बुनियाद लेवल तीन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 8 बजे से शुरू होगा और शाम तक चलेगा। कार्यक्रम में विद्यार्थी व उनके अभिभावक भी पहुंचेंगे। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर उपायुक्त अजय सिंह तोमर शिरकत करेंगे। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार करेंगे।