अंबाला सिटी। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक कुलदीप सिंह ने नागरिक अस्पताल में सफाई कर्मचारियों की ओर से डाटा एंट्री और वार्ड का काम संभालने वाले कर्मचारियों के मामले में अस्पताल प्रबंधन से जवाब तलब किया है। अस्पताल में 25 सफाई कर्मचारी ऐसे हैं जो सफाई का काम छोड़कर अन्य कार्याें की कमान संभाल रहे हैं। ऐसे में अस्पताल की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसको लेकर अमर उजाला ने आठ जुलाई को समाचार भी प्रकाशित किया था। हालांकि अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उनके पास डॉटा एंट्री ऑपरेटर की कमी है, इसलिए यह काम सिर्फ योग्य सफाई कर्मचारियों से ही करवाया जा रहा है।
अस्पताल के पास हैं 67 सफाई कर्मी
एचकेआरएन के तहत नागरिक अस्पताल के पास 67 सफाई कर्मचारी हैं। मगर इसके बाद भी सफाई व्यवस्था उस स्तर की नहीं है। इसी को लेकर दो माह पहले निदेशालय की ओर से पत्र भी जारी किया गया था। जिसमें कर्मचारी को उसी का काम करवाने के निर्देश दिए गए थे। मगर इसके बाद भी निर्देशों का पालन नहीं हो पाया है।
निदेशालय की ओर से अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांगा जा रहा है। सफाई कर्मचारियों से डाटा एंट्री का कार्य कराना गलत है। इसको दिखवाया जाएगा। वैसे सभी जिलों को पर्याप्त संख्या में डॉटा एंट्री ऑपरेटर और सफाई कर्मी दिए गए हैं। डाॅ कुलदीप सिंह, डीजीएचएस स्वास्थ्य विभाग हरियाणा।