अंबाला। डाक विभाग जल्द ही डिजिटल सुविधा से लैस हो जाएगा। इसके तहत आइटी 2.0 के तहत एटीपी (उन्नत डाक प्रौद्योगिकी) एप्लीकेशन की शुरुआत की जा रही है। इस सुविधा के तहत ग्राहक क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। यह एप्लीकेशन अंबाला कैंट, बराड़ा, बिहटा, मुलाना, केसरी, साहा, धीन, अधोया, माजरी क्षेत्र के सभी डाकघरों में 22 से लागू हो रही है।
पोस्टमैन भी जीपीएस सुविधा के साथ वितरण कार्य करेंगे। इसके तहत ओटीपी आधारित वितरण कार्य होंगे। ग्राहक एप के माध्यम से डाक सेवाओं का प्रयोग कर सकेंगे जबकि लेनदेन को सुरक्षित बनाने के लिए क्यूआर कोड का उपयोग होगा। डिजिटल इंडिया-कैशलेस इंडिया के तहत डाकघरों में ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देने तथा उनको आधुनिक बनाने के लिए एटीपी यानी उन्नत डाक प्रौद्योगिकी की शुरुआत की जा रही है।
प्रवर अधीक्षक डाकघर अंबाला मंडल विजय कुमार ने बताया कि डाक विभाग अगली पीढ़ी के एपीटी एप्लीकेशन का लॉन्च करने जा रहा है। यह डिजिटल उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस परिवर्तनकारी पहल के तहत 21 को डाकघरों में कोई भी सार्वजनिक लेनदेन नहीं किया जाएगा।