कपाल मोचन मेले में जाने के लिए सुबह से पंजाब से आने वाली ट्रेनों के जरिए पहुंचे यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। ऐतिहासिक कपाल मोचन मेले के तीसरे दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पंजाब से आने वाली ट्रेनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अंबाला छावनी बस अड्डे पहुंचे। इससे बस अड्डे पर काफी भीड़भाड़ रही।
बसें काउंटर पर आते ही चंद मिनटों में भर जा रही थीं। सैकड़ों यात्रियों को अगली बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। परिवहन विभाग ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अंबाला और यमुनानगर डिपो की बसें चलाई हैं। इनमें सामान्य बसों के साथ इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हैं। हालांकि, इलेक्ट्रिक बसों का किराया अधिक होने के कारण अधिकांश श्रद्धालु सामान्य बसों का इंतजार करते दिखे। रोडवेज के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार रात को 47 विशेष बसें मेला स्थल के लिए रवाना हुईं। रविवार दोपहर तक 20 बसों से श्रद्धालुओं को मेले में पहुंचाया गया। भीड़ के दबाव को देखते हुए रोडवेज प्रशासन लगातार अतिरिक्त बसों के फेरे बढ़ा रहा है।
ट्रेन से अंबाला पहुंचे हैं। बस अड्डे पर इतनी भीड़ है कि बस आते ही फुल हो जाती है। परिवार साथ होने के कारण अगली बस का इंतजार करना पड़ रहा है। इस वजह से कई बसें छूट चुकी हैं।
- जसमेर सिंह, मोगा
मेला स्थल तक जाने के लिए ई-बसें उपलब्ध हैं, लेकिन उनका किराया सामान्य बसों से काफी ज्यादा है। हम जत्थे के साथ आए हैं, इसलिए बजट को देखते हुए रोडवेज की सामान्य बस का इंतजार कर रहे हैं।
- हरजिंद्र, मोगा
कपाल मोचन मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। रविवार की छुट्टी के चलते बस अड्डे पर सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुनी भीड़ है। बसों में चढ़ने के लिए श्रद्धालुओं को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
- जसबिंदर सिंह
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शनिवार रात तक 47 बसें भेजी गई थीं और रविवार दोपहर तक 20 बसें रवाना की जा चुकी हैं।
- बहादुर सिंह, अड्डा इंचार्ज, बस अड्डा, छावनी
अंबाला छावनी बस अड्डे पर रोडवेज की बस में बैठे मेला में जाने वाले श्रद्धालु। संवाद
अंबाला छावनी बस अड्डे पर रोडवेज की बस में बैठे मेला में जाने वाले श्रद्धालु। संवाद
अंबाला छावनी बस अड्डे पर रोडवेज की बस में बैठे मेला में जाने वाले श्रद्धालु। संवाद