संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। पांचवें नवरात्र पर सोमवार को अंबाला डिपो की विशेष 24 बसों ने भक्तों को माता के दर्शन कराए। त्रिलोकपुर धाम पहुंचे भक्तों ने माता बाला सुंदरी के साथ-साथ देवी स्कंदमाता की पूजा कर आशीर्वाद लिया। नवरात्र में भक्तों की भीड़ को देखते हुए डिपो की बसें पांचवें दिन भी चलाई गई।
भक्तों की सुविधा के लिए अंबाला सिटी और नारायणगढ़ बस अड्डे से विशेष बसों का संचालन किया जा रहा है। इससे भक्तों को माता के दरबार तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। शहर और नारायणगढ़ में सुबह छह बजे से रोडवेज की बसें भक्तों को लेकर त्रिलोकपुर रवाना हुई। दोपहर तक 18 बसें जा चुकी थीं। पहले नवरात्र पर अंबाला डिपो की 12 बसें त्रिलोकपुर गईं। दूसरे नवरात्र पर 11 बसों का संचालन हुआ। वहीं तीसरे नवरात्र पर 23 बसें माता के धाम भेजीं।