मुलाना। मुलाना स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर प्रांगण में श्री बाला जी निष्काम सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित एकादश श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के छठे दिन कथा व्यास साध्वी पूर्णानंद ने श्रीकृष्ण लीलाओं के कई प्रसंगों का वर्णन किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक संतोष सारवान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कथा शुभारंभ किया। कथा के दौरान पंडाल जय श्रीकृष्ण के नारों से गूंजता रहा और श्रद्धालु भावविभोर होकर कथा का श्रवण करते रहे।
उन्होंने कहा कि नरकासुर नामक राक्षस ने 16,100 राजकुमारियों को बंदी बनाकर अपने महल में कैद कर रखा था। जब भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध किया, तो उन राजकुमारियों ने श्रीकृष्ण से प्रार्थना की कि समाज में अपमान से बचाने के लिए उन्हें अपना मान लें। भगवान श्रीकृष्ण ने उनकी लाज रखते हुए उन सभी से विवाह किया और उन्हें रानी का सम्मान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि यह प्रसंग दर्शाता है कि भगवान केवल भक्तों के ही नहीं, बल्कि पीड़ित और निराश्रितों के भी रक्षक हैं। इस मौके पर रणजीत सिंह, धर्म पल, मनोहर मालिक, पवन भूटानी, लाला दयाल चंद, गोबिंद धीमान, विजय बिंदल व अन्य मौजूद रहे।