अंबाला। मंडल के अधीन सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी की जाएगी। इस कड़ी में स्टेशन पर दो नए प्लेटफार्म बनाए जाएंगे, वहीं यात्रियों के आवागमन के लिए फुटओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा, इसके अलावा अलग-अलग प्लेटफार्माें की रेल लाइनों की मजबूती के लिए कंक्रीट व सीमेंट की स्लैब डालने का कार्य किया जाएगा ताकि ट्रेन संचालन के दौरान किसी प्रकार की कोई खामी न रह जाए। इस पूरी कार्य योजना पर लगभग 82.01 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
प्लेटफार्मों पर खर्च होंगे 46.95 करोड़ रुपये
सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर मौजूदा समय में छह प्लेटफार्म हैं, इनमें चार प्लेटफार्माें पर ही ट्रेनों का आवागमन होता है जोकि दो प्लेटफार्म सिर्फ ट्रेनों का संचालन होता है जोकि लोकल मार्ग पर चलती हैं, इसलिए स्टेशन पर भीड़ को और ट्रेनों के संचालन में वृद्धि को देखते हुए रेलवे ने सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर रेल लाइन नंबर 9 और 11 के बीच में दो नए प्लेटफार्म बनाने का फैसला किया है और इस पर 46.95 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
फुटओवरब्रिज
सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर 15 करोड़ की लागत से यात्रियों के आवागमन के लिए फुटओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा जोकि 12 मीटर लंबा होगा। इस ओवरब्रिज के निर्माण से यात्रियों को एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने में आसानी होगी, उन्हें रेल लाइन को पार करने के जोखिम से छुटकारा मिलेगा। यह ओवरब्रिज प्लेटफार्म एक से शुरू होकर अंतिम प्लेटफार्म तक जाएगा और बीच में इस ओवरब्रिज की सीढि़यां सभी प्लेटफार्मों पर जोड़ी जाएंगी ताकि यात्री एक प्लेटफार्म से इस ओवरब्रिज का इस्तेमाल करके दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंच सकें।
रेल लाइनों को मिलेगी मजबूती
रेलवे लाइन की मजबूती के लिए रोड़ी-बजरी की जगह अब कंक्रीट और सीमेंट के मिश्रण से बना ब्लास्ट लैस ट्रैक (बीएलटी) स्लैब डाला जाएगा। इस कार्य पर 17.36 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह कार्य प्लेटफार्म 1,2,4,5 और 6 की रेल लाइन पर किया जाएगा। नए ट्रैक के डलने से ट्रेनों की गति बढ़ सकेगी और इनका सुरक्षित संचालन भी हो सकेगा जोकि लंबी समय अवधि के लिए काफी कारगर साबित होगा।
लगभग 79 करोड़ की लागत से सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर कई अहम प्रमुख कार्य करवाए जाएंगे। इसमें दो नए प्लेटफार्माें का निर्माण, एक 12 मीटर लंबा फुट ओवरब्रिज और रेलवे लाइनों की मजबूती का कार्य किया जाएगा। इन तीनों कार्य के पूरा होने से ट्रेनों की गति, ठहराव व यात्री सुविधाओें में बढ़ोतरी हो जाएगी।
- विनोद भाटिया, डीआरएम अंबाला।
उत्तर रेलवे अंबाला मंडल का सहारनपुर रेलवे स्टेशन। रेलवे