अंबाला सिटी। शादियों के सीजन में इन दिनों सोना-चांदी के दाम आसमान छू रहे हैं। इनकी खरीदारी भी खूब हो रही है। सोने का दाम 80 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम है तो चांदी एक लाख रुपये प्रति किलोग्राम के दाम पर बिक रही है।
ऐसे में मध्यम वर्गीय परिवारों ने पहले से आधी खरीदारी कर दी है। इधर कुछ लोग निजी स्तर पर कमेटी डालकर किस्तों पर सोना खरीद रहे हैं। दाम बढ़ने के कारण मांग पर कुछ असर तो पड़ा है, लेकिन शादियों में लेन-देन के लिए खरीदारी फिर भी जोरों पर हैं। अधिक महंगे दामों के कारण चांदी की मांग भी अधिक हो गई है। जो परिवार सभी गहने सोने के नहीं बनवा सकते वे चांदी के गहने खरीद रहे हैं।
चोकर सेट की खूब मांग
स्वर्णकार सुशील वर्मा ने बताया कि इन दिनों वैसे तो ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार ही सोने के सेट बनवाते हैं। शादी के सीजन में अब चोकर सेट की मांग अधिक देखने को मिल रही है। इससे दुल्हन अपने लहंगे के रंग का भी मिलान कर लेती है और रंगों के साथ डिजाइन भी आकर्षक लगता है। इसलिए इस सेट की अधिक मांग है। इसके अलावा मंगलसूत्र व सोने के टीके में भी गोल डिजाइन सबसे अधिक मांग में हैं।
कमेटी डालकर ले रहे सोना
बढ़े दामों के कारण लोग आपस में ही कमेटी डाल लेते हैं और जरूरत के आधार पर समय-समय पर किस्तों के रूप में पैसे देते रहते हैं। इससे ग्राहक पर अधिक बोझ भी नहीं पड़ता और सोना भी मिल जाता है। इधर, कंपनी के स्टोर में भी किस्तों पर सोना खरीदने की कई स्कीम चलाई जा रही हैं। जिनके अनुसार भी लोग सोना खरीद रहे हैं।