संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के तमाम दावों के बावजूद ट्रेनों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को जीआरपी थाने चोरी के तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। शातिर चोरों ने चलती ट्रेनों में सो रहे यात्रियों को निशाना बनाया और आईफोन 13 व 16, लेनोवो लैपटॉप और कीमती वॉलेट चोरी करके फरार हो गए। जीआरपी ने पीड़ित यात्रियों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरु कर दी है।
झपकी लगते ही ले उड़े लैपटॉप और आईफोन
जालंधर से नई दिल्ली जा रही ट्रेन संख्या 12484 के कोच एच-1 में सफर कर रही नेहा शर्मा ने बताया कि अंबाला स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान जब उनकी आंख लगी तो चोरों ने उनका बैग चोरी कर लिया। बैग में लेनोवे कंपनी का लैपटॉप, आईफोन 13, नकदी और महत्वपूर्ण आईडी कार्ड थे।
चार्जिंग पर लगा मोबाइल गायब
श्री शक्ति एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 22462 में कटरा से दिल्ली लौट रहे रायपुर निवासी नारायण कुमार गुप्ता का वन प्लस नॉर्ड 5 फोन उस समय चोरी हो गया जब वह फोन चार्जिंग पर लगाकर सो रहे थे। अंबाला स्टेशन पर जब उनकी नींद खुली, तो प्लग में सिर्फ चार्जर लगा मिला, फोन गायब था।
आईफोन-16 प्रो मैक्स पर हाथ साफ
श्री शक्ति एक्सप्रेस के कोच नंबर बी-8 में सफर कर रहे गाजियाबाद के राकेश कुमार का आईफोन-16 प्रो मैक्स चोरी हो गया। उन्होंने दिल्ली जीआरपी में शिकायत दी थी, जिसे अब अंबाला ट्रांसफर कर दिया गया है। हवलदार प्रदीप कुमार इस मामले की तफ्तीश कर रहे हैं।