अंबाला सिटी। आयुष्मान भारत योजना के कार्यों में डयूटी पर निदेशालय में लगाए गए दंत चिकित्सक अब जल्द ही अपनी डयूटी पर नजर आएंगे। डीजी हेल्थ की ओर से निर्देश जारी हुए हैं। जिसके बाद अब एक सप्ताह में दंत चिकित्सक वापिस लौटेंगे। वहीं निदेशालय की ओर से आयुष्मान भारत के भुगतान के काम को देखने के लिए थर्ड पार्टी एजेंसी को लगाया जाएगा।
गौरतलब है कि कई माह पहले आयुष्मान भारत योजना में भुगतान कार्य में तेजी से लाने के लिए निदेशालय ने सभी जिलों से चिकित्सक मांगे थे। इसके बाद अंबाला से विभाग की ओर से चिकित्सकों को पंचकूला भेजा गया था।
दंत चिकित्सकों को भेजने से हो रही परेशानी
जिले से 10 दंत चिकित्सकों को आयुष्मान भारत के काम के लिए लगाया था। जिनमें एक सीनियर दंत चिकित्सक और अन्य नौ दंत चिकित्सक भेजे गए हैं। अब इसके कारण छावनी और सिटी के नागरिक अस्पताल में दंत चिकित्सकों के कारण मरीजों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है।
इतना ही नहीं अन्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं। इसके साथ ही ग्रामीण स्तर पर बनी कई पीएचसी केंद्रों में भी दंत चिकित्सकों की कमी से परेशानी हो रही है। चिकित्सकों के अभाव में मरीजों को नागरिक अस्पताल में रेफर किया जा रहा है।
जिले में नियमित दंत चिकित्सकों के कुल 37 पद स्वीकृत हैं इनमें से 33 पद भरे हुए हैं। वहीं तीन पद सीनियर डेंटल सर्जन के हैं जिन पर दो पदों को भर्ती किया गया है। एक पद खाली है।
वर्जन
जिन चिकित्सकों को आयुष्मान योजना के काम को लेकर लगाया था। उन्हें वापिस भेजने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही वे अपनी डयूटी पर नजर आएंगे।
-डॉ. कुलदीप सिंह, डीजी, स्वास्थ्य सेवाएं