अंबाला सिटी। किसानों द्वारा शनिवार को तीन घंटे के लिए टोल फ्री कराए जाने के मामले में शंभू और सैनी माजरा टोल प्रबंधन की शिकायतों पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। शिकायत में बताया गया कि इससे प्रबंधन को करीब 10 लाख रुपये की चपत लगी है।
सदर थाने में शंभू टोल के मैनेजर शिवरंजन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। इसमें उन्होंने 20 से 25 अज्ञात के खिलाफ रास्ते को अवरुद्ध करने और अन्य धाराओं में मामले दर्ज कराए हैं। ऐसे ही सैनी माजरा में किसानों द्वारा टोल फ्री करने के विरोध में टोल मैनेजर गुरजंट सिंह की शिकायत पर 15 से 20 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं भारतीय किसान यूनियन चढूनी ग्रुप के प्रधान मलकीत सिंह ने कहा कि सरकार किसानों की आवाज को दबाने के लिए इस तरह के मामले दर्ज कर रही है। इससे पहले भी सरकार की ओर से कई मामले दर्ज करवाए जा चुके हैं, परंतु सरकार द्वारा मामले दर्ज करने से किसान पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका प्रदर्शन इसी प्रकार आगे भी जारी रहेगा, जब तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मान लेती है।