अंबाला के सुनार संगठनों से चर्चा करते हुए आईजी पंकज नैन: पुलिस पीआरओ
अंबाला। सुनार संगठनों ने कारोबारियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अंबाला रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन के समक्ष हर चौक पर सीसीटीवी लगाने की मांग उठाई। खासतौर पर सराफा बाजार के हर चौक पर इसे प्राथमिकता पर लगाने का सुझाव दिया।
इस पर आईजी पंकज नैन ने जल्द विचार करने का आश्वासन दिया। ये विचार मंगलवार को सुनार संगठनों ने आईजी पंकज नैन द्वारा अपने कार्यालय में बुलाई बैठक में रखे। इसमें सुनार कारोबारियों की विभिन्न समस्याओं और सुझावों पर आपसी विचार-विमर्श हुआ। बैठक के दौरान अंबाला कैंट के कारोबारियों ने गीता गोपाल चौक पर रेड लाइट की समस्या को प्रमुखता से उठाया, जहां लंबी टाइमिंग के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। आईजी पंकज नैन ने इस समस्या का समाधान निकालने हेतु उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नेट बैंकिंग फ्रॉड पर आईजी ने जताई चिंता
आईजी पंकज नैन ने वर्तमान में अंबाला रेंज में सामने आ रहे नेट बैंकिंग फ्रॉड के मामलों पर चिंता व्यक्त की और सभी व्यापारियों को सतर्क एवं जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों से बचाव के लिए साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी समय-समय पर दी जाएगी।
नियमित पेट्रोलिंग के दिए निर्देश
आईजी से सुनारों ने अपनी दुकानों की सुरक्षा के लिए बाजार में पुलिस उपस्थिति बढ़ाने व नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिससे व्यापारियों को सुरक्षा का विश्वास मिल सके। आईजी पंकज नैन ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क करें और उन्हें सूचित करें। बताया कि यह बैठक आपसी सहयोग, सुरक्षा व्यवस्था और समस्याओं के समाधान की दिशा में एक सराहनीय पहल रही।