खानपुर ब्राह्मणा के दीपक की हत्या के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में अतुल जोशी उर्फ चिन्ना व हरनीप कुमार उर्फ निप्पा शामिल है। शुरूआती पूछताछ में ही आरोपियों ने दीपक की हत्या करने का आरोप कबूल लिया है। दोनों आरोपियों ने बताया कि उनकी दीपक के साथ रंजिश चल रही थी। इसी वजह से उसकी हत्या की योजना बनाई।
बता दें कि आरोपियों ने चार दिन पहले दीपक को तब गोली मार दी थी जब वह खेत से चारा लेकर घर लौट रहा था। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गये थे। उपचार के लिए दीपक को सिटी के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने चचेरे भाई रमेश कुमार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीआईए को सौंपा था केस
पहले इस मामले की जांच थाना पंजोखरा पुलिस कर रही थी। बाद में जांच की जिम्मेदारी सीआईए स्टाफ नारायणगढ़ को सौंपी गई। अब पुलिस रिमांड के जरिये हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल की रिकवरी के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
दीपक की हत्या के आरोप में मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब इस मामले की जांच सीआईए स्टाफ कर रहा है। पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को रिमांड पर लिया गया है।
मोहन लाल, एसएचओ, थाना पंजोखरा