मुलाना में नहौनी से बधौली की तरफ जाने वाले सड़क मार्ग की खस्ताहालत। संवाद
मुलाना। नहौनी से बधौली को सड़क मार्ग इन दिनों खस्ताहालत में है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों से राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों ओर बनी बरम भी कई जगह से टूट चुकी है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। रात के समय यहां से गुजरना अधिक खतरनाक हो जाता है। -
वाहन चालक करण, सुभाष , साहिल ने बताया कि यह मार्ग नारायणगढ़ जाने का प्रमुख शॉर्टकट है, इस कारण रोजाना सैकड़ों वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। इस मार्ग से कई गांव जुड़े हुए हैं तथा सरकारी अस्पताल तक पहुंचने का भी यही मुख्य रास्ता है। मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को टूटी सड़क पर सफर करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2025 की भारी बरसात में पानी सड़क के ऊपर से बहा, इससे कई स्थानों पर सड़क टूट गई और गड्ढों में तब्दील हो गई। इसके बाद आज तक कोई स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई। इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। संवाद
-
मार्ग को जल्द रिपेयर करवाया जाएगा। मार्ग की अनुमानित लागत की मान्यता मिल गई है और निविदा की फाइल जा चुकी है।
जगदीप कुमार, जेई, लोकनिर्माण विभाग