संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। प्राइवेट एंबुलेंस के सिलिंडर में ऑक्सीजन खत्म होने से कोरोना संक्रमित मरीज की मौत मामले में पुलिस ने एंबुलेंस मालिक रवि और चालक पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। संक्रमित मरीज की तबीयत बिगड़ने पर उसे कैंट नागरिक अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। शुक्रवार की घटना के बाद शव को वापस अस्पताल लाया गया।
मृतक के भाई विशाल ने एंबुलेंस मालिक रवि व चालक पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। सदर थाने में केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई। आरोपियों की तलाश जारी है। पालम विहार के विशाल के अनुसार मैं प्राइवेट काम करता हूं। हम दो भाई हैं। मेरा छोटा भाई सुमित है। 3 मई को कोरोना संक्रमित होने के कारण सुमित कैंट सिविल अस्पताल में दाखिल था। आक्सीजन लगी हुई थी। 7 मई को तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया था।
मैंने अपने दोस्त शिवा को एंबुलेंस बुक कराने को कहा। उसने मुझे रवि का नंबर दिया। सुमित को पीजीआई ले जाने के लिए मैंने रवि से ऑक्सीजन के साथ 2500 रुपये में एंबुलेंस बुक कर ली। सुमित ने बताया कि उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही है और पाइप से ऑक्सीजन नहीं आ रही। सिलिंडर में ऑक्सीजन खत्म होने के कारण सुमित की रास्ते में ही मौत हो गई। सुमित की मौत रवि और एंबुलेंस के अज्ञात चालक की लापरवाही से हुई है। इन पर कार्रवाई की जाए। इंस्पेक्टर विजय के अनुसार केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।