फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तालाब में नहाने गया मासूम डूबा, चाय वाले के बचाने के प्रयास नाकाम

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबाला सिटी। नौरंगराय तालाब में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार दोपहर तालाब में कई बच्चे नहा रहे थे कि अचानक एक बच्चा डूबता देख अन्य बच्चे भाग रहे थे, उसी दौरान वहां एक चाय बेचने वाले की नजर पड़ी और वहां गोताखोर युवक की मदद से बच्चे को तालाब से निकाला गया। इसी बीच सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ी में बच्चे को शहर के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
विज्ञापन

टिंकू को डूबता देख भागे बच्चे
पुराना सिविल अस्पताल के पास स्थित निर्माणाधीन नौरंगराय तालाब में वामन द्वादशी मेले के चलते ही कुछ दिन पूर्व पानी भरा गया था। यहां किसी प्रकार की सुरक्षा का भी प्रबंध नहीं था। वहीं जब से इसमें पानी भरा था उस दिन से यहां रोज बच्चे नहाने के लिए आते थे। मेला तो संपन्न हो गया, लेकिन निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हो सका, जिस कारण यहां पानी अभी भी भरा पड़ा था। इस बीच मंगलवार को नाहन हाउस की सिरकिबंद गिहार कॉलोनी निवासी करीब 11 वर्षीय टिंकू अपने कुछ साथियों सहित तालाब में नहाने पहुंच गया। अचानक पानी में अठखेलियां करते हुए टिंकू गहरे पानी की तरफ चला गया और यहां डूब गया। उसे डूबता देख कर अन्य बच्चे डर गए और भाग निकले। बता दें कि इससे पूर्व भी यहां डूबने से कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से यहां पर किसी प्रकार के सुरक्षा प्रबंध नहीं हैं।
चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था टिंकू, पिता का भी हो चुका निधन
टिंकू के मामा गूंगा ने बताया कि वह उसकी बहन रेखा का सबसे छोटा बेटा था। उसने बताया कि टिंकू से पहले उसकी बहन के पास दो बेटियां अंजली और निशा व एक बेटा लखन और है। उसने बताया कि टिंकू के पिता राजेश का करीब 4 वर्ष पूर्व बीमारी की वजह से देहांत हो चुका है। उसके बाद से उसकी बहन पहले ही परेशान थी, लेकिन अब बेटे की छोटी उम्र में चले जाने से उसे गहरा धक्का लगा है। गूंगा ने बताया कि टिंकू शहर के नाहन हाउस स्थित गांधी स्कूल में पांचवीं का छात्र है और आज भी वह स्कूल से छुट्टी के बाद ही वहां नहाने गया था।
विज्ञापन

बच्चे को डूबता देख मौके पर मौजूद चाय वाले ने गोताखोर नवीन की सहायता से करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और पुलिस की गाड़ी में ट्रामा लेकर पहुंचे। जहां बच्चे को बचाने की लाख कोशिश के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका।
लापरवाही का लगाया आरोप
अमर उजाला ने वामन द्वादशी मेले से पूर्व इस तालाब में भरे पानी में स्वीमिंग कर रहे बच्चे को लेकर खबर प्रकाशित कर प्रशासन के संज्ञान में मामला लाने का प्रयास किया था कि यहां किसी प्रकार की सुरक्षा का प्रबंध नहीं है, ऐसे में कोई भी हादसा हो सकता है, क्योंकि पहले भी इस तालाब में से कई शव मिल चुके हैं। मंगलवार को भी जब बच्चे की इसमें डूबने से जान चली गई तो उसके परिजन प्रशासन की लापरवाही पर उसे कोसते रहे। परिजनों ने कहा कि तालाब गहरा है और उसमें पानी भरा है तो किसी तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए सिक्योरिटी गार्ड को जरूर होना चाहिए। इस दौरान परिजनों ने व्यवस्था को लेकर आक्रोश जताया। मौके पर मौजूद तीन नंबर चौकी पुलिस ने परिजनों को समझा कर शांत कराया और शव को अपने कब्जे में कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें