अंबाला। जिले में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार बेशक कोरोना से सोमवार को 10 मौत हुईं लेकिन अंबाला जिले के श्मशान घाटों में कोविड प्रोटोकाल के तहत 21 चिताएं जलीं। इनमें अंबाला शहर के रामबाग श्मशान घाट पर सबसे ज्यादा 12, छावनी के रामबाग में 3 और छावनी के ही अन्य श्मशान घाटों पर भी तीन चिताएं जलीं। इस तरह ट्विन सिटी के श्मशान घाटों में ही 18 दाह संस्कार हुए। इसके अलावा दो मुलाना हलके में तीन व्यक्तियों का संस्कार कोविड प्रोटोकाल के तहत हुआ। यह वे आंकड़े हैं जहां के श्मशान घाटों से जानकारी प्राप्त हो सकी। इसके अलावा नारायणगढ़ हलके के श्मशान घाटों की जानकारी नहीं मिल सकी।
सोमवार को 293 नए केस आए जोकि कुल लिए गए सैंपल में से 13.91 फीसद हैं। हालांकि राहत यह रही कि 683 को डिस्चार्ज किया गया। जिले में अब तक कोरोना 405 लोगों की जान ले चुका है। सोमवार को जिले में 683 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। इस तरह अब तक 24782 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। जिले में अब तक कोरोना के कुल 27682 केस सामने आ चुके हैं। इस समय जिले में 2495 एक्टिव केस हैं। लगातार मौत होने से मृत्यु दर अब बढ़कर 1.44 फीसदी हो गई है। हालांकि रिकवरी रेट में सुधार हुआ है और अब रिकवरी रेट 89.52 प्रतिशत हो गई है।
इनकी ली सोमवार को कोरोना ने जान
स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार दुर्गा नगर अंबाला शहर निवासी 47 वर्षीय पुरुष, गांव टोबा से 38 वर्षीय पुरुष, मॉडल टाउन अंबाला शहर से 61 वर्षीय पुरुष, अंबाला शहर से 46 वर्षीय पुरुष, ढांडी गांव से 65 वर्षीय महिला, अधोया से 70 वर्षीय महिला, गांव रत्नहेड़ी से 85 वर्षीय महिला, वशिष्ठ नगर अंबाला कैंट से 58 वर्षीय पुरुष, जंडली अंबाला शहर से 64 वर्षीय महिला, पिलखनी से 74 वर्षीय पुरुष की कोरोना ने जान ले ली।
लापरवाही न बरतें अस्पतालों में तेेजी से बढ़ रही मरीजों की संख्या
बेशक स्वास्थ्य विभाग रिकवरी दर में सुधार की बात कर रहा है लेकिन अभी लापरवाही न बरतें क्योंकि जिले के अस्पतालों में कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है।
जिले में सोमवार शाम तक 785 मरीज विभिन्न अस्पतालों में कोरोना से जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे। इनमें 238 मरीज जिले के सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं जबकि 38 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर। इसके अलावा मुलाना में 24 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। जिलेभर के सभी अस्पतालों में करीब 80 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में इस समय संक्रमित मरीजों के लिए बेड खाली नहीं हैं। इस समय ज्यादातर बेड मरीज की मौत के बाद ही खाली हो रहे हैं। हालांकि मुलाना मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन बेड अभी रिक्त हैं।
मई माह के 17 दिनों में कोविड का रिपोर्ट कार्ड
मई माह के शुरुआती 17 दिनों में 42927 सैंपल लिए गए। इनमें से 6825 संक्रमित पाए गए। मई में 165 लोगों की जान सोमवार तक कोरोना ले चुका था यानी औसतन 10 की मौत। इस महीने 7545 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। मई माह की बात करें तो 15.89 प्रतिशत केस कोरोना संक्रमित मिले हैं जोकि चिंतनीय है।
यहां से मिले नए केस
अंबाला शहर से 61, कैंट से 65, शहजादपुर से 53, मुलाना से 21, बराड़ा से 15, नारायणगढ़ से 20 और चौड़मस्तपुर से 58 केस आए। इनमें से काला आम्ब से 15, मिठापुर, शास्री कॉलोनी अंबाला कैंट, फतेहपुर, शालीमारबाग अंबाला कैंट, रामनगर अंबाला शहर, पंजलासा, शिव कॉलोनी नारायणगढ़, रेलवे रोड अंबाला सिटी, सुंदरनगर अंबाला कैंट, वार्ड नंबर-13 व 15 नारायणगढ़, धुरकड़ा से दो-दो, सोनिया कॉलोनी अंबाला शहर, पंजोखरा, अधोया, तंदवाल, तोपखाना अंबाला कैंट, सुल्तानपुर अंबाला सिटी व सेक्टर-9 अंबाला शहर से 3-3, सेक्टर-8 अंबाला शहर व घेल कलां से 4-4, कुराली, महेशनगर और जंडली से 6-6, सेक्टर-7 व वार्ड नंबर दो नारायणगढ़ से 5-5 व अन्य जगह से नए केस आए।
जिले में सैंपलिंग की स्थिति
जिले में अभी तक कोरोना के कुल 365019 सैंप लिए गए हैं। इनमें से 51601 एंटिजन किट से और 313418 आरटीपीसीआर से लिए गए हैं। प्रति 10 लाख की जनसंख्या पर 323559 सैंपल लिए गए हैं। सोमवार को 3112 सैंपल लिए गए।
जिले में वैक्सीनेशन की स्थिति
सोमवार को 18 से 44 आयुवर्ग के 2652 को वैक्सीन लगी। 45 से 60 आयुवर्ग में 369 को पहली और 107 को दूसरी डोज लगी। 60 से अधिक आयुवर्ग में 207 को पहली और 45 को दूसरी डोज लगी। सोमवार को 3456 को पहली और 167 को दूसरी डोज लगी। कुल 3623 लोगों को कोरोना की डोज लगाई गई। मई माह के 17 दिनों में 43376 को पहली और 35108 को दूसरी और डोज लगाई गई। जिलेभर में अभी तक 278507 को पहली और 97566 को दूसरी डोज कुल 376073 कुल डोज लग चुकी है।