अंबाला। पारस नगर गुरुद्वारा साहिब में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। जब तक गुरुद्वारे के पदाधिकारी पहुंचते तब तक गुरु ग्रंथ साहिब जी का पवित्र स्वरूप सहित पालकी और लाखों का सामान जल गया। सूचना मिलते ही गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज भी गुरुद्वारा साहिब पहुंचे और पदाधिकारियों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। फिलहाल आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
पदाधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने गुरुद्वारे में से धुंआ निकलते देखा। जैसे ही संगत जमा हुई तो देखा कि आग की लपटें निकल रही थी। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने पानी की बौछारें कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक सभी सामान जलकर गया था। कमेटी के सदस्यों का कहना था कि आग में गुरु ग्रंथ साहिब, पालकी, लाइटें, पंखे व अन्य सामान जल गया।