संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बॉक्सिंग और ताइक्वांडो जैसे खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली बेटियों को गणतंत्र दिवस पर मंडल आयुक्त संजीव वर्मा ने सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। इन खिलाड़ियों ने मेहनत और अनुशासन के साथ सफलता हासिल की है। अलग-अलग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए इन्होंने कई पदक अपने नाम किए हैं। अंबाला की बेटियां आज खेलों में भी किसी से पीछे नहीं हैं और आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
बॉक्सिंग में स्वाति ने जमाई धाक
बॉक्सिंग कोच संजय कुमार ने बताया कि छावनी के बीसी बाजार निवासी स्वाति राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग खिलाड़ी हैं। वह सात वर्षों से उनके मार्गदर्शन में बॉक्सिंग सीख रही हैं। वर्तमान में स्वाति मेजर आरएन कपूर डीएवी स्कूल में 12वीं की छात्रा हैं। स्वाति ने एसजीएफआई गेम्स में दो बार राष्ट्रीय स्तर पर भाग लिया है। इसके अलावा रोहतक में आयोजित खेल महाकुंभ में ब्रांज, झज्जर में हुई जूनियर स्टेट चैंपियनशिप में सिल्वर और वर्ष 2024 में एसजीएफआई स्टेट प्रतियोगिता में सिल्वर हासिल किया है। डीएवी नेशनल प्रतियोगिता में वह लगातार तीन बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
ताइक्वांडो में मन्नत का शानदार प्रदर्शन
ताइक्वांडो कोच जगदीप ने बताया कि मन्नत शर्मा राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो खिलाड़ी हैं और वह आठ वर्षों से प्रशिक्षण ले रही हैं। अरुणाचल के इटानगर में आयोजित अंडर-17 स्कूल नेशनल गेम्स में मन्नत ने ब्रांज पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। सोनीपत में आयोजित स्कूल स्टेट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, फरीदाबाद में आयोजित स्टेट लेवल खेल महाकुंभ में स्वर्ण पदक और गुजरात में आयोजित खेलो इंडिया वूमेन लीग में ब्रांज पदक जीत चुकी हैं।
वंदना कर रहीं नाम रोशन
इसी तरह छावनी के राजेंद्रा पार्क निवासी वंदना सिंह ताइक्वांडो में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। वह लार्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा है और पांच वर्षों से ताइक्वांडो का प्रशिक्षण ले रही हैं। वंदना ने जालंधर में आयोजित कैडेट नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में ब्रांज पदक हासिल किया। उन्होंने स्टेट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।