- आतंकी के वीडियो को लाइक करने व देखने वालों को पैसों का लालच देकर कराता है काम
- बलदेव नगर थाने को दहलाने की साजिश का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बलदेव नगर थाने में 10 जनवरी को धमाके के प्रयास मामले की जांच में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की तफ्तीश में अब यह बात सामने आई है कि पाकिस्तान में बैठा आतंकी शहजाद भट्टी सोशल मीडिया को हथियार बनाकर सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को गुमराह कर रहा है। जांच में पता चला है कि भट्टी अपनी पोस्ट और वीडियो को लाइक करने व देखने वाले युवाओं को चुनकर उन्हें अपने जाल में फंसाता है। पैसों का लालच देकर काम करवाता है। इस मामले में पकड़े गए कर्मजीत, सौरभ, आकाश, रमन व अन्य आरोपी भी इसी तरह से शहजाद भट्टी के झांसे में आए थे। हालांकि फंसने के बाद सभी आरोपी सलाखों के पीछे हैं।
इंस्टाग्राम व फेसबुक से शुरू होता था खेल
जांच में सामने आया है कि शहजाद भट्टी इंस्टाग्राम व फेसबुक पर कट्टरपंथ व हथियारों से संबंधित वीडियो अपलोड करता है। पंजाब व हरियाणा की सीमा से सटे इलाकों के जो युवा उसकी इन वीडियो पर लाइक या कमेंट करते थे, भट्टी उन्हें अपना टारगेट बनाता था। वह इन युवाओं से मैसेंजर के जरिए संपर्क साधता और फिर उन्हें पैसों का लालच देकर देश विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार करता था।
अब तक सात आरोपी काबू
इस मामले में पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि धमाके की साजिश बहुत गहरी थी और इसके तार सीधे पाकिस्तान में बैठे आकाओं से जुड़े हैं। पकड़े गए आरोपियों में से फिरोजपुर निवासी अमरजीत फिलहाल सात दिन के पुलिस रिमांड पर है। रिमांड के दौरान आरोपी से फर्जी सिम के बारे में पता किया जा रहा है कि आखिर उनके साथ कौन-कौन और शामिल हैं। ड्रोन कहां से उपलब्ध हुआ है।