- बराड़ा की क्रिकेट अकादमी में पहुंचने पर किया गया स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। बराड़ा की एक अकादमी से गेंदबाज दक्ष कामरा का इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चयन हुआ है। वह कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलेंगे। दक्ष का आईपीएल में चयन होने पर परिजन और स्कूल में खुशी है। आईपीएल में चयन होने के बाद दक्ष कामरा शनिवार को बराड़ा स्थित अकादमी पहुंचे, जहां पर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान दक्ष कामरा ने बताया कि उन्होंने कोच अनिरुद्ध से क्रिकेट के गुर सीखे हैं। उन्होंने हर मोड़ पर साथ दिया, जिसके चलते वह आज आईपीएल तक पहुंच सके। उन्हें 30 लाख में खरीदा गया है।
दक्ष मूल रूप से हिसार के निवासी हैं। बराड़ा स्थित अकादमी में कोच हरजोत सिंह के पास अभ्यास करते थे। दक्ष ने बताया कि इस यात्रा में उनके परिजनों ने भी हर कदम पर साथ दिया। हाल ही में अहमदाबाद में मैच चल रहे थे जहां खेलते हुए स्काउट टीम ने देखा और उसके बाद राजस्थान रॉयल्स और केकेआर टीम ने ट्रायल के लिए भेजा इसके बाद केकेआर ने चयन कर लिया। उन्होंने कहा कि अब भविष्य में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलने का सपना है।
कोरोना काल में जाना पड़ा था हिसार
दक्ष के हिसार निवासी पिता राकेश कामरा ने बताया कि वह हिसार में बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर का काम करते हैं तो मां गृहिणी हैं। दक्ष पहले यूनिवर्सिटी में कोचिंग लेता था। उसके बाद बराड़ा आया। इसी बीच में कोरोना आ गया फिर वापस दक्ष को हिसार आना पड़ा। दक्ष के कोच चाहे वह हिसार से हो या अंबाला से हो सभी ने साथ दिया। इसकी बदौलत वह इस मुकाम पर पहुंचा है। दक्ष कामरा के कोच हरजोत सिंह ने बताया कि वो क्रिकेट कोच हैं। दक्ष सात आठ सालों से उनके पास कोचिंग ले रहा है। जब यह 11 साल का था तब से यहां पर है दक्ष एक अच्छा बॉलर है और इसका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। आईपीएल में टीम कोलकाता नाइट राइडर्स में सिलेक्ट हुआ है। दक्ष की प्रतिभा पर हमें नाज है।