न्यू मिलाप नगर की दलीप कौर के पेंशन खाते से साइबर ठगों ने 1.7 लाख रुपये उड़ा लिए। 11 जनवरी से 1 जुलाई के मध्य मानव चौक और अग्रसेन चौक पर स्थित एटीएम से करीब 16 बार ट्रांजेक्शन हुई लेकिन खाते में लिखवाए गए फोन नंबर पर कोई संदेश नहीं आया। हेराफेरी का पता तब लगा जब पेंशन निकलवाने गई महिला ने खाते का बैलेंस चैक किए। कचहरी चौक पर स्थित एसबीआई के अधिकारियों ेको जानकारी देने के बाद जब कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो एसपी को शिकायत दी गई। एटीएम सेल की जांच के आधार पर सोमवार कोतवाली थाने में ठगी और अमानत में खयानत का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
हैरान करने वाली बात यह रही कि पीड़िता ने न तो किसी अंजान को न तो अपना कार्ड थमाया और न ही ओटीपी नंबर दिया। पेंशन आने का संदेश हमेशा उनके फोन पर आता है। दिसंबर 2019 में उन्होंने आखिरी बार खाते से 10 हजार निकलवाए थे। इसके बाद कोरोना के कारण कोई लेनदेन नहीं किया। 22 जुलाई को कॉपी अपडेट करने के बाद जब बैलेंस जानना चाहता तो खाते में केवल 13 हजार 133 रुपये थे। पूछने पर पता चला कि पिछले छह माह के दौरान 13 बार में खाते से पैसे निकाले गए। दलीप कौर ने सवाल किया जब पैसे डलने का संदेश आता है तो निकलने के संदेश क्यों नहीं आए। यदि पहला संदेश आता तो वह खाते को बंद करवा सकती थी। बैंककर्मी ने जांच कराने का विश्वास दिलाया लेकिन कुछ पता नहीं चला। इंस्पेक्टर रामकुमार के अनुसार महिला से साइबर ठगी के केस में बैंक रिकार्ड और सीसीटीवी एकत्रित की जा रही है। केस को जल्द सुलझा लिया जाएगा।