अंबाला। छावनी रेलवे स्टेशन पर बुधवार को त्योहारी सीजन के कारण यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यूपी और बिहार जाने वाली ट्रेनों में चढ़ने के लिए यात्रियों में धक्का-मुक्की का माहौल देखा गया। ट्रेन नंबर 14618 जनसेवा और 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस में सवार होने के दौरान यह स्थिति बनी रही।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवाजाही के लिए भीड़ प्रबंधन की कई व्यवस्थाएं की थीं। हालांकि, ये सभी व्यवस्थाएं धरातल पर नाकाफी साबित हुईं। स्टेशन के सामान्य और आरक्षित कोचों के बाहर लंबी कतारें लगी थीं। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आकर रुकती है, कोच में पहले दाखिल होने के लिए यात्रियों में खींचातानी और धक्का-मुक्की शुरू हो जाती है।
प्लेटफॉर्म पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और वाणिज्य विभाग की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। आरपीएफ जवान यात्रियों को कतारबद्ध करने के लिए लगातार घोषणाएं और गश्त कर रहे हैं। इसके बावजूद, क्षमता से अधिक भीड़ होने के कारण सुरक्षाकर्मियों को स्थिति काबू करने मशक्कत करनी पड़ रही है।