- पंजाब से यूपी और बिहार जाने वाली ट्रेनों में ज्यादा दिक्कत, विशेष ट्रेन चलाने के बावजूद परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। होली के 10 दिन बचे हैं और कैंट स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। आलम यह है कि अब बिहार व यूपी जाने वाली ट्रेनों में सीट के लिए मारामारी शुरू हो गई है। इस कारण ट्रेनों में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की हो रही है, वहीं कंफर्म टिकट यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह परेशानी काफी बढ़ जाएगी। हालांकि रेलवे ने पंजाब की तरफ से बिहार व यूपी की तरफ विशेष ट्रेनों के संचालन की भी घोषणा कर दी है।
कैंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर लगभग एक बजे प्लेटफार्म तीन पर आई ट्रेन नंबर 15708 आम्रपाली में ऐसे हालात देखने को मिले। ट्रेन जैसे ही प्लेटफार्म पर रुकी तो ट्रेन में चढ़ने के लिए एक दूसरे से धक्का-मुक्की व गाली-गलौज शुरु हो गया। ट्रेन पहले से ही पूरी तरह से पैक होकर आई थी। इसलिए काफी कोशिश के बाद जब यात्री जनरल श्रेणी के कोच में नहीं घुस पाए तो उन्होंने आरक्षित कोच में ही डेरा डाल दिया।
एसी कोच तक पहुंची भीड़
शनिवार को ट्रेन में भीड़ का आलम यह था कि यात्री इमरजेंसी कोच और शौचालय की खिड़की से कोच के अंदर घुसने को मजबूर थे। इस दौरान कुछ यात्रियों ने एसी कोच को ही अपना ठिकाना बना लिया और वो कोच में सामान लेकर दरवाजे के निकट ही बैठ गए, हालांकि इस दौरान स्टेशन और ट्रेन में तैनात टीटीई ने उनसे जुर्माना वसूलने की तैयारी भी शुरु कर दी थी।
आरक्षण की स्थिति
अंबाला से कटिहार जाने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस में टिकट का आंकड़ा 100 के पार कर गया है। तीन मार्च को भी ट्रन में 60 वेटिंग मिल रही है। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 14674 शहीद एक्सप्रेस में वेटिंग की टिकट बंद कर दी गई है जबकि वाराणसी जाने के लिए कोलकाता एक्सप्रेस में 90 वेटिंग का टिकट मिल रहा है, वहीं गोरखपुर जाने के लिए आम्रपाली सहित शहीद एक्सप्रेस में वेटिंग टिकट बंद कर दिया गया है।
रेलवे ने बिहार व यूपी जाने के लिए कुछ विशेष ट्रेनों का संचालन किया है। यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या फिर एनटीईएस से जानकारी ले सकते हैं।
- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म तीन पर आई आम्रपाली एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश करते या