अंबाला। विश्व धरोहर कालका-शिमला सेक्शन पर सैलानियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। रेल सेक्शन पर चलने वाली ट्रेनों में वेटिंग का टिकट मिल रहा है। इस कारण मुंबई, गुजरात और देश के अन्य हिस्सों से आने वाले सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने उक्त रेल सेक्शन पर चलने वाली ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति का आंकलन शुरु कर दिया है। इसके आधार पर ही स्पेशल ट्रेन के संचालन का फैसला रेलवे करेगी। नववर्ष पर बर्फबारी का लुत्फ लेने के लिए लगातार सैलानी कालका-शिमला टॉय ट्रेनों की बुकिंग में जुटे हुए हैं। हालांकि उन्हें मायूसी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश ट्रेनों में कंफर्म टिकटों की बुकिंग हो चुकी है।
मौजूदा समय में कालका से शिमला के बीच छह ट्रेनाें का संचालन हो रहा है। सभी में ही टिकटों की लंबी वेटिंग है। ट्रेन नंबर 52451 शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस में वेटिंग का आंकड़ा 63 है। इसी प्रकार 52455 हिमालयन क्वीन में 81, 52457 कालका-शिमला में 26, 52443 शिमला होलीडे में 12, 52453 कालका-शिमला में 83, 52459 कालका-शिमला में 37 वेटिंग का आंकड़ा पार हो गया है।