तंदवाल और घेलड़ी सहित कई गांवों में डूबी फसल
- फोटो : तंदवाल और घेलड़ी सहित कई गांवों में डूबी फसल
खेतों में घुसा मारकंडा नदी का पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। पहाड़ी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के कारण शुक्रवार को कस्बा में मारकंडा नदी उफान पर आ गई थी। नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी तटवर्ती गांवों के खेतों में घुस गया जिससे सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो गई है। हालांकि, शनिवार को बारिश थमने के बाद जलस्तर में मामूली कमी दर्ज की गई है, लेकिन किसानों की चिंताएं कम नहीं हुई हैं।
नदी के उफान से सबसे ज्यादा नुकसान तंदवाल, घेलड़ी और हेमामाजरा के खेतों में हुआ है। यहां हाल ही में लगाई गई धान की छोटी पौध पूरी तरह पानी में डूब गई है। अम्बाला-जगाधरी मार्ग से हेमामाजरा जाने वाले मुख्य मार्ग के ऊपर से पानी बहकर सोहाना की तरफ के खेतों में जा घुसा। वहीं, तंदवाल में महर्षि मारकंडेश्वर मंदिर मार्ग के पास भी चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है।