हरियाणा के अंबाला में अंबाला-जगाधरी हाईवे स्थित डीएवी रीवर साइड स्कूल के पास बदमाशों ने कार में सवार दो युवकों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गांव खेलन निवासी मोहित राणा को मृत घोषित कर दिया।
सीआईए-2 इंचार्ज विजेंद्र ने बताया कि खेलन गांव निवासी मोहित राणा के शरीर पर करीब 17 गोलियां लगी हैं। उसके साथी भोला को भी कई गोलियां लगी हैं। उसे पीजीआई रेफर किया गया है। कारण सही पता नहीं चला कि भोला को कितनी गोली लगी है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मोहित राणा की मौत की खबर पाकर छावनी के नागरिक अस्पताल पहुंचे परिजनों ने हंगामा किया। इस दौरान वे बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले जाने लगे। पुलिस व अन्य साथियों द्वारा समझाने के बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया।
अंबाला में दिनदहाड़े फायरिंग और एक युवक की हत्या का प्रकरण दो ग्रुपों के बीच लंबे समय से चल रही आपसी रंजिश से जुड़ा है। पुलिस ने अभी पूरे मामले का खुलासा नहीं किया है। हालांकि इस वारदात को अंजाम देने वाले एक ग्रुप का नाम सामने आ चुका है, लेकिन अधिकारिक रुप से पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है।
एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि गोलीकांड मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं। टीमें जांच कर रही हैं। मृतक मोहित और विशाल पर पहले भी मुकदमा दर्ज है। मामला पुरानी रंजिश व लेनदेन का लगता है। मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मृतक मोहित राणा के भाई सुभाष उर्फ मोनू ने बताया कि उसके भाई का अमरीका का वीजा लगा था। जल्द ही वह अमरीका जाने वाला था। गुरुवार को वह अपने दोस्त के साथ काम से अंबाला गया था। इस दौरान यह वारदात हो गई। वहीं पुलिस ने मोनू की शिकायत पर पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।