शहजादपुर के टी प्वाइंट पर ट्रैक्टर ट्राली व ऑटो की भिड़ंत में दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को शहजादपुर के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। यहां से रघुबीर सिंह मुकंदपुर व दस वर्षीय पूजा की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हैं, जबकि पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार पटवी के एक निजी ईंट के भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर महिला मीना, व उसकी दस वर्षीय बच्ची पूजा, लक्ष्मी व उसकी दो महीने की बच्ची व रघुबीर सिंह निवासी मुकंदपुर शहजादपुर के बस अड्डा से ऑटो में सवार होकर अंबाला की तरफ जा रहे थे।
शहजादपुर की अनाज मंडी के नजदीक टी प्वाइंट पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली व ऑटो में भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो में सवार सभी लोग घायल हो गए, जबकि दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही शहजादपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।