म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन अंबाला (एमसीए) कार्यालय में तैनात एक महिला होमगार्ड ने सुपरिंटेंडेंट पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उसने ज्वाइंट कमिश्नर को इसकी शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, सुपरिंटेंडेंट जब होमगार्ड कमांडर के कार्यालय में इस बाबत अफसोस जताने पहुंचे तो गुस्साई महिला होमगार्ड ने सुपरिंटेंडेंट का गिरेबान पकड़कर खरी-खरी सुनाई। इसके बाद होमगार्ड के जवानों ने बीचबचाव कर मामले को शांत किया।
महिला होम गार्ड महिला का कहना है कि सुपरिंटेंडेंट ने उसे अपने ऑफिस में किसी काम से बुलाया। इसके बाद उन्होंने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में महिला होमगार्ड ने आरोप लगाया कि सुपरिंटेंडेंट ने उसे कमरे में बुलाकर एक मंत्री ने नजदीकियां बताते हुए उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद वह मौके से चली गई और इस संबंध में ज्वाइंट कमिश्नर गगनदीप सिंह को शिकायत सौंपी।
दूसरी ओर, सुपरिंटेंडेंट ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि महिला होमगार्ड स्वयं ही कमरे में आई थी और कही और नौकरी लगाने की बात कही थी। उनके अनुसार उसने उसके साथ कोई अभद्र व्यवहार नहीं किया है। उधर, इस संबंध में ज्वाइंट कमिश्नर गगनदीप सिंह का कहना है कि इस संबंध में महिला होमगार्ड की शिकायत पहुंची है और उसकी जांच की जाएगी। इसके बाद ही कोई कदम उठाया जाएगा।