गांव में दुकानदार से किसी बात को लेकर विरोध हो जाने पर आरोपियों ने तमंचे से गोली मार दी। सिर में गोली लगने से घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। घायल के पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रुकनपुर गांव में आशुतोष गांव में परचून की दुकान करता है। बुधवार रात गांव का ही अर्जुन अपने दो साथियों के साथ आशुतोष की दुकान पर पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई, बाद में मारपीट भी हुई। इसी बीच अर्जुन ने तमंचा निकालकर दुकानदार के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह वहीं गिर गया और आरोपी मौके से फरार हो गए। गांव में गोली चलने से भगदड़ मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ रैफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घायल के पिता सुभाष की तहरीर पर पुलिस ने अर्जुन और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।