जिले में लगातार डेंगू का डंक लोगों को बीमार करता जा रहा है। मंत्री के विधानसभा क्षेत्र के लालकुर्ती इलाके में ही डेंगू बुखार काफी ज्यादा बढ़ चुका है। हालांकि जिले में एक ही दिन में डेंगू के केस 78 से बढ़कर 91 हो गए हैं, लेकिन इनमें से 40 केस केवल लालकुर्ती बाजार के सामने आए हैं।
इसके चलते लालकुर्ती बाजार में जहां लोगों में जबरदस्त दहशत का माहौल है, वहीं लोग भी खासे नाराज होकर सड़कों पर प्रदर्शन कर जाम लगा चुके हैं। लालकुर्ती में डेंगू के इन्ही हालातों को देखते हुए हालांकि स्वास्थ्य महकमे की टीम ने कैंप लगाकर डेरा जमा रखा है, लेकिन अब बिगड़ते बुखार की स्थिति को देखते हुए बुधवार को खुद स्वास्थ्य मंत्री लालकुर्ती बाजार पहुंच गए।
उन्होंने यहां इलाके का दौरा किया और डेंगू बुखार के कारणों को जानने की कोशिश की। स्वास्थ्य महकमे के चीफ मेडिकल अफसर डॉ. विनोद गुप्ता भी स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के साथ थे। विज ने यहां देखा कि कई लोगों ने कूलर का पानी खाली नहीं किया हुआ था। जबकि लोगों ने कई बर्तनों में भी पानी इकट्ठा किया हुआ था।
मंत्री विज ने इन बर्तनों और कूलरों में एकत्रित पानी को तुरंत खाली कराया और लोगों को जागरूक करते हुए पानी को एकत्रित न करके रखने की अपील की। आगे बढ़ते हुए विज ने एक साइकिल रिपेयर की दुकान पर तसले में जमा पानी को भी स्वयं उठाकर गिरा दिया। उसके बाद एक सैलून शॉप के बाहर रखे बर्तन में जमा पानी को भी मंत्री ने खुद उठाकर फैंक दिया। मंत्री ने कई लोगों के घरों के बाहर लगे कूलरों के ढक्कन स्वयं उतारकर उसमें जमा पानी को तुरंत खाली करने के निर्देश दिए।
...और सेनेटरी इंस्पेक्टर पर उतार दिया गुस्सा
मंत्री के इस दौरे के दौरान उस समय उनके मिजाजा का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गए, जब उन्होंने पहले तो सड़क पर पड़ी गंदगी और मरे हुए चूहे को देखा। थोड़ी आगे चलते ही सड़क किनारे मरे पड़े बछड़े को देखकर तो मंत्री का गुस्सा म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन अंबाला (एमसीए) के सेनेटरी इंस्पेक्टर पर उतर गया। उन्होंने सेनेटरी इंस्पेटर सुनील दत्त को लताड़ते हुए तुरंत सस्पेंड करने के आदेश दिए। मंत्री ने सेनेटरी इंस्पेक्टर की फटकार लगाते हुए कहा कि एमसीए की टीम यहां इलाके में जब आती ही नहीं तो गंदगी के हालातों के बारे में उन्हें क्या मालूम होगा। मंत्री ने गुस्से में कहा कि स्वास्थ्य महकमे के सीएमओ खुद यहां कैंप लगाकर बैठे हैं, क्या अब स्वास्थ्य जांच करने आए डॉक्टर ही यहां सफाई करेंगे? मंत्री की खरी-खरी बातें सेनेटरी इंस्पेक्टर और उनकी टीम चुपचाप सुनती रही। उसके बाद मंत्री ने सेनेटरी इंस्पेक्टर को एक दिन की मोहलत देते हुए कहा कि एक दिन में यदि लालकुर्ती इलाका गंदगी मुक्त नहीं हुआ तो अगले दिन सेनेटरी इंस्पेक्टर के सस्पेंड ऑर्डर एमसीए कार्यालय पहुंच जाएंगे।
इसी दौरान एमसीए के ज्वाइंट कमिश्नर गगनदीप सिंह भी मौके पर पहुंच गए। मंत्री ने ज्वाइंट कमिश्नर को तुरंत इलाके में फॉगिंग के आदेश दिए और कहा कि अब इलाके के लोग बताएंगे की उनके यहां फॉगिंग हुई है या नहीं। यदि लोगों ने फॉगिंग न होने की शिकायत की तो एसमीए अफसरों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने स्वास्थ्य महकमे द्वारा लगाए गए शिविर का भी जायजा लिया और सीएमओ को तुरंत डेंगू की स्थिति पर काबू करने के निर्देश दिए।
---
स्वास्थ्य महकमे की टीम पूरी तरह से एंटी लारवा स्प्रे कर रही है। लेकिन म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन अंबाला की टीम ने अपना फॉगिंग अभियान ही समय पर शुरू नहीं किया, जिस वजह से डेंगू बुखार की स्थिति बिगड़ गई है। स्प्रे का काम लगातार जारी है, घरों के भी भी एंटी लारवा स्प्रे शुरू कर दिया है, अब मंत्री ने एमसीए अफसरों को फॉगिंग के लिए कहा है। फॉगिंग समय पर हो जाती, तो डेंगू के अभी तक 91 केस न आते। लालकुर्ती में सैंपलिंग का काम जारी है।
- डॉ. विनोद गुप्ता, चीफ मेडिकल अफसर, अंबाला-
---
अमर उजाला बना लोगों की आवाज
लालकुर्ती में डेंगू बुखार का मुद्दा अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इस मसले पर अमर उजाला सिलेसिलेवार समाचार प्रकाशित कर लोगो की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने का काम कर रहा था। पहले स्वास्थ्य महकमे के सीएमओ डॉ. विनोद गुप्ता ने यहां कमान संभाली और अब बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज खुद लालकुर्ती में डेंगू बुखार की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे और तुरंत लालकुर्ती को डेंगू मुक्त बनाने के आदेश दिए।