अंबेडकरनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र के इसी घर में घुसकर चोरों ने उड़ा लिया लाखों का माल।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र अहिरौली अंतर्गत भवानीपुर गांव में सोमवार देर रात चोरों ने एक घर में घुसकर लगभग 10 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के बाहरी भाग में सो रहे थे। पीड़ित ने केस दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दे दी है। भवानीपुर गांव निवासी नीरज कुमार त्रिपाठी पुत्र उदयराज सोमवार रात परिवार के साथ घर के बाहरी भाग में सो रहे थे।
मंगलवार भोर में नीरज की पत्नी जब घर के अंदर गईं तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गईं। कमरे में चारों तरफ सामान बिखरा हुआ था। अलमारी व अटैची का ताला टूटा हुआ था। उनकी गुहार पर नीरज व अन्य लोग अंदर गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
इस बीच जानकारी मिलने पर एसओ सुनील सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। बताया जाता है कि चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर घर में घुसे और फिर कमरे में पहुंचकर अलमारी व अटैची का ताला तोड़कर आभूषण व अन्य कीमती सामान पार कर दिये।
पीड़ित के अनुसार लगभग पांच लाख के सोने-चांदी के आभूषण के साथ-साथ अन्य कीमती सामान समेत लगभग 10 लाख रुपये के सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। बाद में पीड़ित ने थाने में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है, छानबीन की जा रही है।