हैफेड गोदामों से गेहूं की बोरियों की चोरी और गेहूं सड़ने के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की धरपकड़ और जांच के लिए स्पेशल आठ टीमों का गठन किया है। इन टीमों ने आरोपियों के घर धरपकड़ शुरू कर दी है, जिसे लेकर हड़कंप की स्थित बनी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। दूसरी ओर जिले के तमाम अनाज रखने के स्टोरेज प्वाइंट और हैफेड गोदामों को भी सील कर दिया गया है। इन पर डीसी अंबाला मनदीप सिंह बराड़ के आदेशों के बाद अंबाला पुलिस ने सभी गोदामों व वेयरहाउस पर पुलिस का कड़ा पहरा लगवा दिया है। सभी जगह दो से तीन पुलिस कर्मियों की टीम गोदामों पर तैनात रहेगी।
इसलिए लगवाया गया पहरादरअसल अंबाला में हुए इस बड़े स्तर के गेहूं घोटाले को लेकर प्रशासन गंभीर है। क्योंकि अभी इस मामले की प्रथम दृष्टया जांच हुई है और अंबाला प्रशासन ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट सरकार को भेजी है। जांच में ही प्रशासन ने इस बात की आशंका जाहिर कर दी है कि हैफेड के गोदामों से 10 से 12 हजार गेहूं की बोरियां गायब है और गेहूं की बड़ी-बड़ी ढेरियों के बिल्कुल बीचोंबीच में से बोरियों को चुराकर उस खाली जगह पर लकड़ी के रैक रख दिए गए और फिर उसे गेहूं की बोरियों से ही ढक दिया गया। इसके चलते अंबाला प्रशासन को अब ये भी आशंका है कि आरोपी इन गोदामों में रखे स्टॉक में फिर से कोई गड़बड़ी करने की कोशिश न करे, इसलिए फिलहाल आगामी कार्रवाई तक इन गोदामों को सील कर उस पर पुलिस का कड़ा पहरा लगवाने के आदेश डीसी ने जारी कर दिया है।
आठ टीमों की छापेमारी से हड़कंपइस गेहूं घोटाला को लेकर पुलिस पर भी खासा दबाव है, क्योंकि अंबाला के हैफेड गोदाम से राज्य सहकारिता मंत्री विक्रम यादव ने खुद गेहूं की बोरियों की चोरी रंगे हाथों पकड़ी थी। मंत्री ने ही अंबाला के डीसी को इस मामले की जांच करवाने के आदेश दिए थे। प्रशासन अभी हैफेड के गोदामों में गेहूं चोरी की जांच करने पहुंची थी, लेकिन प्रशासनिक अफसर उस वक्त ये देखकर हैरान रह गए कि हैफेड के गोदामों में तिरपालों के नीचे रखा अधिकतर गेहूं तो सड़क चुका है।इसे लेकर डीसी अंबाला ने फिलहाल सरकार को अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंप दी है और पुलिस को इस मामले में कार्रवाई के आदेश दिए थे। पुलिस ने भी तुरंत हैफेड के जीएम की शिकायत पर हैफेड के डीएम, टेक्निकल अफसर, मैनेजर और स्टोरकीपर के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी छापेमारी व जांच के लिए आठ टीमें गठित कर दी है।
देरशाम स्टोरकीपर चढ़ा पुलिस के हत्थेइसी मामले की जांच कर रही एक टीम के हत्थे इसी गेहूं घोटाले में आरोपी स्टोरकीपर चढ़ गया है। इस स्टोरकीपर को कोतवाली पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है। स्टोरकीपर पर हैफेड गोदामों से गेहूं चोरी समेत अन्य आरोप है। कोतवाली थाने के प्रभारी रजनीश यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि स्पेशल टीम ने स्टोरकीपर को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। उसके बाद उसे रिमांड में लेकर उससे पूछताछ की जाएगी।
गेहूं घोटाले का मामला काफी संगीन और गंभीर है। इसलिए पुलिस को इसकी जांच के लिए आठ टीमों का गठन करना पड़ा है। सभी आठों टीमों ने आरोपियों के घर छापामारी शुरू कर दी है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। स्टोरकीपर को फिलहाल काबू कर लिया गया है।- सुरेंद्र पाल सिंह, डिप्टी पुलिस कमिशनर, अर्बन