अंबाला सिटी के गांव सिंघावाला के पास पंजोखरा माइनर में मंगलवार सुबह गुटका साहिब के फटे हुए पन्ने मिलने से सिख समुदाय में रोष फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच गुटका साहिब के पन्नों को एकत्रित करवाया और गुरुद्वारा मंजी साहिब में रखवाया। वहां से अकाल तख्त के निर्देशानुसार इन्हें तरणतारण के नजदीक गोइंदवाल साहिब में संस्कार के लिए ले जाया जाएगा। उधर सिख समुदाय को इसकी जानकारी मिलते ही उनमें आक्रोश फैल गया। लोगों ने इस कृत्य को बेअदबी और शरारत पूर्ण बताते हुए पुलिस से मामला दर्ज कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
गांव सिंघावाला के ही रहने वाले जगतार सिंह व गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्होंने देखा कि गुटका साहिब के अंग माइनर व आस-पास के खेतों में बिखरे पड़े हैं। एक जगह गुटका साहिब का रुमाला भी पड़ा हुआ मिला। उन्होंने इसकी जानकारी गांव के लोगों को दी तो कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग एकजुट हो गए। पार्षद हरीश शर्मा, पार्षद दलजीत सिंह भाटिया, शिअद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य जत्थेदार सुखदेव सिंह गोबिंदगढ़, युवा अकाली नेता चरणजीत सिंह टक्कर, शिअद के जिला प्रधान अजीत सिंह सौंडा, गुरुद्वारा मंजी साहिब के प्रबंधक सतपाल सिंह सहित अनेक लोग मौके पर पहुंचे। इसी बीच एसीपी (ट्रैफिक) राजकुमार वालिया भी दलबल सहित मौके पर पहुंचे और गांव के लोगों से गुटका साहिब के अंगों को एकत्र करवाकर सदर थाना ले आए। बाद में पुलिस से मिले सिख नेताओं ने कहा कि घटना बहुत गंभीर है।
पुलिस को इसकी जांच गंभीरता से करनी होगी क्योंकि गुटका साहिब के अंग गंदी जगह पर गिरे और बिखरे मिले है।
धार्मिक रीति रिवाज से किया जाएगा अंतिम संस्कार
गुरुद्वारा मंजी साहिब के प्रबंधक सतपाल सिंह ने बताया कि गुटका साहिब के अंगों का धार्मिक रीति रिवाज से अंतिम संस्कार करने के लिए गुरुद्वारा में अरदास करके सुखमणि साहिब का पाठ किया गया है। अकाल तख्त के निर्देशानुसार एक दो दिन में संगतों को साथ लेकर तरणतारण के पास मौजूद गुरुद्वारा गोविंदवाल ले जाया जाएगा और अंगों को अंगीठा साहिब के हवाले किया जाएगा।
----
पूरे मामले को लेकर पुलिस पूरी तरह से गंभीर है। प्रारंभिक जांच पड़ताल में मामला गुटखा साहिब को जल में प्रवाहित करने का मामला लगता है। मामले की पूरी जांच की जाएगी। ताकि समाज में अमन शांति का वातावरण बना रहे।
-सुरेंद्र पाल सिंह, डीसीपी अंबाला