संदिग्ध सामान को इक्टठा करती पुलिस, छानबीन में मिला सेना में टारगेट प्रेक्टिस वाला हथियार
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के अंबाला में छावनी स्थित टांगरी नदी के नजदीक न्यू शक्ति नगर के मकान में धमाके के कारणों की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देररात तक चाय बनाते समय सिलेंडर का फटा था, लेकिन शनिवार को पुलिस ने जांच शुरू की तो सेना में टारगेट प्रैक्टिस वाला हथियार मिला तो वह दंग रह गई।
संदिग्ध धमाके की जांच के लिए बम निरोधक दस्ते सहित एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। धमाके वाली जगह पर 84एमएम टीपीटी 65 ओजे 448 हथियार मिला। बताया जाता है कि इस हथियार का इस्तेमाल प्रैक्टिस के दौरान डमी शेल के रूप में किया जाता है और यह कमरे में मिलना अपने आप में कई सवाल खड़ा करता है। इसके अलावा टीम ने मौके से कुछ ओर छोटी-छोटी चीजों को भी कब्जे में लिया, जिससे कि धमाके के कारणों का खुलासा हो सके।
महेश नगर पुलिस को अब एफएसएल रिपोर्ट के आने का इंतजार है तभी पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बता दें कि न्यू शक्ति नगर में शुक्रवार देर शाम करीब सात बजकर 30 मिनट पर किराये के कमरे में रहने वालों के कमरे में धमाका हो गया था। मकान में दीवारें गिर गई थी। हादसे में दो की मौत व 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों के मुताबिक चाय बनाते समय सिलिंडर फटने पर धमाका हुआ था।
फजल का पोस्टमार्टम, शव परिजनों को सौंपा
पुलिस धमाके को संदिग्ध मानकर हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। हालांकि हादसे में घायल सभी पांच लोग नागरिक अस्पताल से छुट्टी करवाने के बाद अपने घर लौट गए, लेकिन पुलिस उन सभी से पूछताछ करने के बाद उन पर नजर बनाए हैं। जब तक एफएसएल की रिपोर्ट नहीं आ जाती है। इसके अलावा धमाके वाले घर को भी सील कर दिया है। उधर, हादसे में जान गंवाने वाले 47 वर्षीय फजल का फोरेंसिक एक्सपर्ट से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
दीवारों पर थे मांस के चिथड़े
धमाके वाली जगह पर पुलिस और एफएसएल की टीम ने निरीक्षण किया तो हर जगह खून फैला था। दीवारों तक पर मृतक फजल के मांस के चिथड़े चिपके थे। टीम भी यह धमाका देखकर दंग रह गई। जबकि हादसे के बाद कमरे में दो छोटे सिलिंडर भी मिले थे। जबकि मकान मालिक मुस्ताख ने बताया कि उसने दो कमरे किराये पर दिए थे। करीब 15 दिन पहले ही सात घायल और मृतक यहां रहने के लिए आए थे और स्क्रैप का काम करते थे।
धमाके वाली जगह पर सेना की ट्रेनिंग में इस्तेमाल होने वाले हथियार का खाली शेल मिला है। पुलिस गहनता से जांच कर रही है। एफएसएल की रिपोर्ट का भी इंतजार है जो दो से तीन महीने में आएगी। घर को सील करने के बाद घायलों पर भी नजर रखी जा रही है। फिलहाल धमाके को संदिग्ध मानकर जांच चल रही है।
-जगदीश चंद्र, इंस्पेक्टर, महेश नगर थाना प्रभारी