अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। एक अप्रैल को अंबाला रेलवे कंट्रोल रूम में फोन कर विभिन्न स्टेशनों पर धमाके करने की धमकी देने के आरोपी 45 वर्षीय शेख सलाउद्दीन को पुलिस ने मंगलवार को अदालत में पेश किया। अदालत से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। 12 दिन के पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस ने मामले की पूरी पड़ताल की और आरोपी का पुराना कोई भी आपराधिक रिकार्ड नहीं निकला। वह मानसिक तौर पर परेशान था, जिस कारण उसने नशे में फोन मिलाकर धमकियां दे डालीं।
सीआईए टू ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को तीन अप्रैल को भिवानी से काबू किया था। चार को अदालत में पेश कर उसे 12 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान सलाउद्दीन से जुड़ी जानकारियां निकाली गईं। पुलिस को उसका पिछला रिकार्ड साफ मिला जबकि वह किसी भी मामले में नामजद नहीं था। वह शादीशुदा है, लेकिन अब तक बेरोजगार था और नशे की हालत में दर-दर भटक रहा था। रेलवे को धमकी भरा फोन करने से पहले सलाउद्दीन ने शराब पी थी और वह कैंट रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के चक्कर लगा रहा था। बता दें कि एक अप्रैल को सलाउद्दीन ने रेलवे कंट्रोल पर धमकी भरा फोन कर कई स्टेशनों पर धमाके की धमकी दी थी। इसपर पड़ाव थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया था जबकि मामले की जांच सीआईए-टू के अलावा अन्य टीमों द्वारा की जा रही थी।
सलाउद्दीन से गहन पूछताछ की गई है और आरोपी का कोई पिछला रिकार्ड अपराध से जुड़ा नहीं मिला। वह मानसिक रोगी था जोकि नशे की हालत में था और इसी दौरान उसे फोन कर धमकियां दीं। उसे अदालत में पेश किया गया है जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। - सुलतान सिंह, डीएसपी, अंबाला।