अंबाला कैंट। क्रेेडिट कार्ड की डिटेल जानने के बाद ठग ने भाजपा नेता के बेटे आशीष के क्रेडिट कार्ड से 77,500 रुपये की ट्रांजेक्शन कर ली। मोबाइल पर जब मैसेज आया तो युवक को स्वयं के साथ हुई धोखाधड़ी का आभास हुआ। मामले की जानकारी बैंक को दी गई, जिसके बाद कार्ड को ब्लॉक कराया गया। अब मामले की जानकारी कैंट थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में भाजपा नेता कमल किशोर के बेटे आशीष ने बताया कि चार अप्रैल को उन्हें एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को एसबीआई का कर्मचारी बताया। आशीष ने बताया कि कॉल करने वाले ने उसके क्रेडिट कार्ड के संबंध में डिटेल मांगी। उसे आभास नहीं हुआ कि वह कोई फर्जी आदमी है। इसके बाद शाम को उसके पास कई मैसेज आए, जिससे उसे पता चला कि उसके क्रेडिट कार्ड से कई ट्रांजेक्शन की गई हैं। आशीष ने बताया कि उसके क्रेडिट कार्ड से आठ हजार की दो ट्रांजेक्शन के अलावा 60 हजार एवं 1500 की अलग से ट्रांजेक्शन हुई। करीब 77,500 रुपये की ट्रांजेक्शन इस दौरान हुई। अमामले की शिकायत अब कैंट थाने में दी गई जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।