फोटो नंबर-----25, 26
नशे के कारण हुई दो हत्याओं में पुलिस के हाथ खाली, एडीजीपी बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। सराफा कारोबारी हत्याकांड के मास्टरमाइंड को पकड़कर पुलिस भले ही वाहवाही लूट रही है, लेकिन एक सप्ताह पूर्व हुई दो हत्याओं समेत कई ऐसे मामले हैं जिनमें पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि दोनों मामलों में एडीजीपी आरसी मिश्रा का कहना है कि कार्रवाई जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
केस-1
19 नवंबर : शराब ठेके के कारिंदों ने पीटा, मौत
गांव पिलखनी में देर रात गांव के तीन लोग शराब लेने एक ठेके पर गए तो वहां किसी बात को लेकर कारिंदों से तीनों की बहस हो गई। इसके बाद कारिंदों ने तीनों युवकों की हॉकी व डंडों से पिटाई कर दी। इसमें 28 वर्षीय राजीव कुमार ने दम तोड़ दिया था। मामले में गांव पिलखनी निवासी बलजीत सिंह, तंदवाल निवासी पंकज और गौरव के अलावा तीन अन्य के खिलाफ हत्या, मारपीट व अन्य आरोपों के तहत केस दर्ज कर लिया था। मामले में अभी तक सभी आरोपी फरार चल रहे हैं।
केस-2
21 नवंबर : नशे में झगड़ा, पीटकर मार डाला
सुभाष नगर निवासी ऑटो चालक बलबीर उर्फ काला (30) को देर रात बलदेव नगर के गौरव शर्मा व देवेंद्र ने पीट-पीटकर घायल कर दिया था और घर के बाहर फेंक गए थे, जिसकी शहर नागरिक अस्पताल में मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक की मां कुलवंत कौर की शिकायत पर आरोपी गौरव शर्मा व देवेंद्र सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले में आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर चल रहे हैं।
-----------------
शर्मा दंपति डबल मर्डर में बंद नहीं हुई जांच
एडीजीपी आरसी मिश्रा ने कहा कि महेश नगर में शर्मा दंपति डबल मर्डर केस मामले की जांच पुलिस ने अभी बंद नहीं की है। उन्होंने कहा कि डबल मर्डर केस के हर तथ्य की गहनता से जांच कर चुकी है, परिवार सदस्यों से भी पूछताछ की गई है, मगर अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। जांच जारी है और सुराग मिलते ही मामले को आगे बढ़ाया जाएगा। बता दें कि फरवरी 2017 में दंपति की घर में ही हत्या रात्रि के समय हो गई थी। उस समय परिवार के अन्य सदस्य भी घर पर ही मौजूद थे, मगर यह हत्या किसने और क्यों की इससे अभी तक पर्दा नहीं उठ सका है।