फोन नंबर मांगने के विवाद में छात्र घायल, चंडीगढ़ रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
एमएम यूनिवर्सिटी के दो छात्रों के बीच फोन नंबर मांगने के विवाद में एक छात्र बुरी तरह से घायल हो गया। घायल छात्र को पहले ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से उसे चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-32 अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फिलहाल बलदेव नगर थाना पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
छात्र शिवम सिंघल निवासी कुरुक्षेत्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह एमएम यूनिवर्सिटी में बीएससी एग्रीकल्चर फर्स्ट ईयर का छात्र है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे क्लास में था, इस दौरान उसके सहपाठी साहिल ने उससे एक लड़की का नंबर मांगा। शिवम ने कहा कि वह किसी लड़की को नहीं जानता है। शिवम का कहना है कि शाम करीब छह बजे साहिल गुज्जर और एक अन्य युवक उसे देख लेने की धमकी दी और बुरा-भला कहकर चले गए। इसके बाद रात करीब आठ बजे वह हॉस्टल के मेस में खाना खाने के बाद हॉस्टल के मेन गेट के सामने सड़क पर साथियों विपिन निवासी सोनीपत और भव्य चौहान, देवाशीष गौड़, पुलकित राणा, अंकित, दीपक के साथ खड़ा था। इसी बीच साहिल गुज्जर और अन्य युवक हॉस्टल के अंदर से आए और कहने लगे कि उन्होंने तो टीचर का नंबर मांगा था और तू सबको कहता फिर रहा है कि हमने तेरे से लड़की का नंबर मांगा है। इस बात को लेकर उनमें से एक ने चाकूनुमा वस्तु निकाली और उसके दोस्त विपिन पर वार कर दिया।
घटना में घायल हुए छात्र विपिन को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे सिटी सिविल अस्पताल भेज दिया गया। गंभीर चोट होने के कारण छात्र को सेक्टर-32, चंडीगढ़ स्थित अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। वहीं मामले में कार्रवाई करते हुए बलदेव नगर थाना पुलिस ने साहिल, कशिश, योगेंद्र, समुंद्र, अंकित और सुधी शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई नरेश कुमार को सौंप दी है।