बेटे का हत्यारोपी गिरफ्तार, दो दिन के रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। बेटे की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया है।
गौरतलब है कि शहर में जग्गी कॉलोनी में फेस-2 में रहने वाले जोरावर सिंह ने एक अगस्त की रात अपनी पत्नी के साथ झगड़े के दौरान अपने ही 17 वर्षीय बेटे नवजोत उर्फ हैरी को चाकू से वार कर मौत के घाट उतार दिया था। हत्या के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। मामले में बलदेव नगर पुलिस ने आरोपी की पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज किया था।
बता दें कि आरोपी जोरावर की बेटी कुलविंद्र कौर ने पुलिस को बताया था कि उसका पिता जोरावर सिंह नशे का आदी है। मृतक हैरी की बहन सिमरजीत व जीजा परमजीत ने पुलिस को बताया था कि उसका पिता उसकी मां के चरित्र पर शक करता था, वो अक्सर रिश्तेदारों के बहकावे में आकर उसकी मां से मारपीट करता था। उसने बताया था कि उसका पिता जोरावर सिंह दो माह पहले मुरादाबाद जेल से नशा तस्करी के मामले में पांच साल की सजा भुगतकर आया था। नवजोत 11वीं कक्षा में पढ़ता था और छुट्टियों में पार्ट टाइम काम कर अपना घर भी चला रहा था, लेकिन यह बात न तो पिता को अच्छी लगती थी और न रिश्तेदारों को वो अक्सर जोरावर सिंह को भड़काते थे जिसके कारण अक्सर घर में कलह रहता था। मृतक के मामा वरिंद्र सिंह ने पुलिस को बताया था कि उनकी बहन कुलविंद्र को उसका जीजा, उसकी सास व अन्य सभी रिश्तेदार बहुत तंग करते थे। वहीं वारदात के बाद से आरोपी अपना सामान लेकर घर से फरार हो गया था।
एसपी से की थी गिरफ्तारी की मांग
शहर एसपी कार्यालय में गत 11 अगस्त को जोरावर सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उसके परिजन एसपी से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने एसपी से कहा था कि हैरी की मां कुलविंद्र कौर घर में अकेली रहती है। ऐसे में उन्हें डर है कि जोरावर अपनी पत्नी पर भी हमला कर सकता है। मृतक नवजोत की बहन सिमरनजीत कौर, परमजीत सिंह, बिंदू, सुरजीत, महेंद्र सिंह, रघुवीर, करनैल, जसविंद्र कौर बिक्की व अन्य ने पुलिस अधिकारियों से आरोपी जोरावर की जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगाई थी।
कोट्स
बेटे की हत्या के मामले में आरोपी पिता जोरावर सिंह को गिरफ्तार कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दो दिन का रिमांड मंजूर हुआ है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-धर्मवीर, बलदेव नगर चौकी इंचार्ज, अंबाला।