अंबाला सिटी। पेटीएम के जरिए पैसे भेजने का लालच दिखाकर एक बदमाश ने दुकानदार से उसका पेटीएम नंबर और कोड पूछने का प्रयास किया। दुकानदार ने पहले कोड नहीं बताया, मगर वह बार-बार कोड मांगता रहा। इसके बाद दुकानदार ने फोन काट दिया। बाद में फिर फोन आया और पेटीएम कोड मांगा गया। दुकानदार ने मामले की शिकायत बलदेव नगर थाना पुलिस से की।
दुकान के संचालक व कांग्रेस नेता अतुल महाजन ने बताया कि उन्हें सोमवार को मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई। व्यक्ति ने बताया कि उसके बीवी-बच्चे उसकी दुकान पर सामान खरीदने आ रहे हैं। बीवी के पास कैश कम है और बाकि कैश वह पेटीएम के जरिए उन्हें भेज देगा। इसपर अतुल महाजन ने कहा कि अभी ऐसा कोई ग्राहक उनके पास नहीं पहुंचा और न ही कोई शॉपिंग की गई है। जब वह शॉपिंग कर लेंगे और बाद में जितना कैश बैलेंस रह जाएगा वह उनको बता देंगे। इसके बाद फोन करने वाला व्यक्ति दो हजार रुपये एडवांस में पेटीएम के जरिए उन्हें कैश ट्रांसफर करने की बात कहने लगा। उसने पेटीएम नंबर व उसका कोड मांगा, मगर अतुल महाजन ने कहा कि पेटीएम के जरिए पैसे ट्रांसफर करने के लिए कोड की जरूरत नहीं होती। आररोपी इसके बाद भी कोड मांगता रहा। इसके बाद अतुल ने फोन काट दिया। अतुल महाजन ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस को उक्त नंबर के बारे में भी बताया।