खुद को बताया सीएम ऑफिस का रिकवरी इंस्पेक्टर, मीट विक्रेता से मांगी मंथली, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। शहर के एक मीट विक्रेता को कपिल नाम का एक व्यक्ति खुद को सीएम ऑफिस का अधिकारी बताकर फोन पर धमकाकर मंथली मांग रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अंकित मीट शॉप नाहन हाउस संचालक ने कपिल पर एकमुश्त मोटी रकम मांगने का आरोप लगाया है। कपिल पर यह भी आरोप है कि आरोपी ने कहा था यदि सभी मीट विक्रेताओं ने हर माह उसे मंथली न दी तो वह सबकी दुकानें बंद करवा देगा। इसके बाद मीट विक्रेताओं की एसोसिएशन की कुछ दिन पहले मीटिंग हुई थी जिसमें सभी आपस में निर्णय लिया था कि इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी जाएगी। इसके बाद अंकित ने शहर थाना में शिकायत दी थी कि कपिल खुद को सीएम ऑफिस का रिकवरी इंस्पेक्टर बताकर फोन कर रहा हैै और रुपयों की मांग कर रहा हैै। बाद में उन्होंने अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि कपिल नाहन हाउस का ही रहने वाला है। पुलिस को इस संबंध में फोन की रिकार्डिंग भी सौंपी है। पुलिस ने कपिल के खिलाफ 384 का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।