नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नाबालिग आरोपी संरक्षण में, दो गिरफ्तार
कोर्ट के आदेशानुसार नाबालिग आरोपी को आब्जर्वेशन होम भेजा गया, दो की पहले ही हो चुकी गिरफ्तारी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। बीते 21 नवंबर को नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और एक नाबालिग आरोपी को पुलिस संरक्षण में लिया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया है। मामले में संलिप्त दो नाबालिगों को पहले ही संरक्षण में लिया जा चुका है।
पीड़िता ने 22 नवंबर को महिला पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 21 नवंबर को दो नाबालिगों ने उससे दुराचार किया व अन्य ने उनका साथ दिया। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस ने आरोपी चिराग, आशीष कुमार उर्फ आशू को गिरफ्तार किया व एक नाबालिग को संरक्षण में लिया। मामले में संलिप्त दो नाबालिगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
-------------
यह है मामला
नाबालिग लड़की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी कुछ समय पूर्व एक लड़के से जान-पहचान हुई थी। दोनों ही एक-दूसरे से फोन पर बातें करते थे। 21 नवंबर को जब वे दोनों फोन पर बात कर रहे थे तभी उसके पिता ने देख लिया और उसका फोन छीन लिया। यह बात उसने लड़के को बताई तो उसने मिलने के लिए कहा। करीब छह बजे वह उसे एक गली में अपने साथी के साथ उसके किराये पर लिए कमरे में ले गया, जहां पहले से ही तीन युवक मौजूद थे। इसके बाद एक लड़के ने उसे कोई नशीला पदार्थ पिलाया और सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर दो नाबालिगों आरोपियों को संरक्षण में ले लिया था।