शहजादपुर। शहजादपुर-पतरेहड़ी मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने तिपहिया रेहड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें चिकित्सकों ने चंडीगढ़ सेक्टर-32 के अस्पताल में रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव पतरेहड़ी के रहने वाला अमित अपने तीन तीन साथियों लीला राम, हर्ष और गुरप्रीत के साथ शहजादपुर की तरफ से अपने खेतों से चारा काटकर रेहड़ी में रखकर गांव जा रहे थे। जैसे ही वे चाचा ढाबे के नजदीक पहुंचे तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार उनके ऊपर चढ़ गई, जिस पर चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए राहगीरों की मदद से सीएचसी शहजादपुर लाया गया। चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। वहीं लीला राम, हर्ष और गुरप्रीत को गंभीर हालत के चलते सेक्टर 32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने अमित के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। कार को कब्जे में ले लिया गया है।