नाइट डोमिनेशन : 156 वाहनों के काटे चालान, दो जब्त
एसपी ने बताया- जिलेभर में 47 नाके लगाए, सट्टा खेलते 20 लोगों को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। शुक्रवार रात नाइट डोमिनेशन के तहत जिलेभर में 47 जगहों पर लगे नाकों पर 156 वाहनों के चालान काटे गए। इस दौरान दो वाहनों को जब्त किया गया। यह अभियान रात्रि 10 से सुबह चार बजे तक जारी रहा।
पुलिस महानिदेशक हरियाणा के आदेशानुसार शुक्रवार रात्रि अंबाला पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिए नाइट डोमिनेशन की गई। एसपी अशोक कुमार ने बताया कि नाइट डोमिनेशन के समय जिलेभर में 47 नाके लगाए गए और 20,524 वाहनों को चेक किया गया। इस दौरान 103 व्यक्तियों के अजनबी पर्चे काटे गए और 109 सार्वजनिक स्थलों को चेक किया गया। जुआ अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थानों में 20 मामलों में 20 अभियुक्तों को बंदी बनाकर उनसे 22600 रुपये बरामद किए गए। आबकारी अधिनियम के अंतर्गत एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया और नौ अभियुक्तों से 326 बोतलें अवैध शराब बरामद की गईं। सशस्त्र अधिनियम के अंतर्गत एक मामला दर्ज किया गया और तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर एक चाकू बरामद किया।