दंपती के झगड़े में पिसा बच्चा, बेटे को पीटने और भूखा रखने पर मां के खिलाफ केस
सबहेड : दादी की शिकायत पर पुलिस ने जुवेनाइल एक्ट व मारपीट का मामला किया दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। दंपती के झगड़ों में बच्चे पिस रहे हैं। ऐसा ही एक मामला शहर की कैथ माजरी में देखने को मिला है। अपने 12 वर्षीय सगे बेटे को ही पीटने, कमरे में बंद करने व भूखा रखने के आरोप में जिला बाल कल्याण समिति के हस्तक्षेप के बाद सिटी थाना पुलिस ने मां के खिलाफ जुवेनाइल एक्ट व मारपीट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले में बच्चे की दादी ने तहरीर दी थी। मामला 29 दिसंबर का है।
शहर की कैथ माजरी निवासी बुजुर्ग महिला ने बाल कल्याण समिति को शिकायत दी थी कि उसकी पुुत्रवधू, उसके बेटे व पोते के साथ मारपीट करती थी। उसका बेटा व पुत्रवधू कुछ समय से अलग रह रहे थे। आरोप है कि बहू ने मारपीट के मामले में अपने पति को जेल भी भिजवा दिया था और अब बेटे के साथ मारपीट करती है। उसे कमरे में बंद कर भूखा रखती थी। आरोप है कि बीती 29 दिसंबर को भी महिला ने अपने बेटे के साथ मारपीट की। इस पर दादी ने जाकर अपने पोते को छुड़वाया और उसका मेडिकल करवाया। सिटी थाना पुलिस ने दर्शना की शिकायत पर बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-----------
नशे के कारण पति-पत्नी में होता था झगड़ा
14 वर्ष पहले दोनों की शादी हुई थी। आरोपी महिला की सास ने बताया कि उसका बेटा का आदी है। इस वजह से दोनों के बीच कई बार झगड़ा हुआ। पिछले 26 दिसंबर को महिला का पति शराब पीकर घर आया और पत्नी से कहा कि अगर तुम्हें महक आती है तो रोटी दे दो, मैं बाहर जाकर खा लूंगा और सो जाऊंगा। इसी बात पर दोनों में झगड़ा हो गया और महिला ने अपने पिता व बुआ के लड़के को बुलाकर पुलिस चौकी नंबर-4 में जाकर शिकायत की। उसने आरोप लगाया कि पति ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद पुलिस ने महिला के पति को चौकी में बंद कर दिया। 27 दिसंबर को सास चौकी गई और अपने बेटे को छुड़वा कर लाई। इसके बाद दोनों पति-पत्नी अलग रह रहे हैं।
-------------
कपड़े जलाकर पति पर हत्या के प्रयास का लगाया था आरोप
सास ने बताया नवंबर में पुत्रवधू ने अपने पति के कपड़े जलाकर पुलिस चौकी में पति के खिलाफ जलाकर हत्या करने के प्रयास का आरोप लगाया था। पुलिस पूछताछ में पति ने बताया कि वह घर पर भी नहीं गया था, जबकि पत्नी ने मेरे ही कपड़े जलाए हैं। इस संबंध में जब महिला के बेटे कलश से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि मां ने ही पिता के कपड़े जलाए थे। इस घटना के बाद वह अपने बेटे से भी गुस्सा करने लगी।