अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। पुरानी रंजिश में तीन बदमाश मुरथल से क्रेटा गाड़ी लूटकर हत्या करने मंगलवार सुबह गांव सरूपगढ़-सांतोर पहुंच गए। इस दौरान बारिश की वजह से उनकी गाड़ी सड़क से नीचे उतर गई और आरोपी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। वहीं, जानलेवा हमले की भनक लगते ही सांतोर निवासी युवक ने छिपकर अपनी जान बचाई। उसने मामले की शिकायत सदर पुलिस को दी है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस ने गांव से क्रेटा गाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस को दी शिकायत में सरूपगढ़ निवासी नसीब ने बताया कि वह गाड़ी चालक है। कई साल पहले बहादुरगढ़ में मांडोठी निवासी एक व्यक्ति के हत्याकांड में उसका और दो अन्य का नाम आया था। बाद में निर्दोष साबित होने पर कोर्ट ने उसको रिहा कर दिया था। इसके बाद भी मांडोठी के कुछ लोग उनसे रंजिश पाले हैं। नसीब ने बताया कि हत्याकांड में उनके गांव के ही बजरंग का नाम भी था। उसे भी कोर्ट ने रिहा कर दिया था। एक सितंबर को गांव के शराब ठेके पर मांडोठी गांव के ही एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोलियां चलाकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
नसीब ने बताया कि मंगलवार को उनके गांव में भंडारा था और वह भी वहां गया हुआ था। इसी दौरान उस पता चला कि मांडोठी निवासी समुंद्र अपने दो अन्य साथियों के साथ उसे मारने के लिए सांतोर की तरफ आ रहा है। नसीब ने बताया कि उसे पता चला कि उन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए मुरथल से एक क्रेटा गाड़ी लूटी है। इस पर फर्जी नंबर प्लेट के अलावा नीली बताई भी लगाई है। नसीब ने बताया कि इस दौरान वह छिप गया। पुलिस शिकायत में नसीब ने बताया कि इमलोटा से सांतोर आते समय आरोपियों की गाड़ी बारिश के चलते सड़क से नीचे उतर गई और इसके बाद वो हाथों में हथियार लेकर उसे मारने के लिए पैदल ही गांव की तरफ आने लगे। छुप जाने के कारण वह उन्हें नहीं मिला और वो मौके से फरार हो गए। इसके बाद उसने मामले की सूचना इमलोटा पुलिस चौकी को दी। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इस संबंध में तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शराब ठेके पर किया था बजरंग का मर्डर
शिकायतकर्ता नसीब ने बताया कि बहादुरगढ़ हत्याकांड में उसके अलावा गांव निवासी बजरंग का नाम भी आया था। कोर्ट के रिहा करने के बाद भी समुंद्र उससे रंजिश रखे थे। गत एक सितंबर को दो बाइक सवारों ने शराब ठेके पर मौजूद बजरंग पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने जांच के दौरान वारदात में प्रयोग की गई दो बाइक भी बरामद की थी लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।
पुलिस ने नसीब की शिकायत पर समुंद्र मांडोठी, नीरज कामी व निखिल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने क्रेटा गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। इस पर नीली बत्ती लगी हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इंस्पेक्टर जगराम, सदर थाना प्रभारी