धूलकोट स्टेशन पर चाकू घोंप युवक की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। धूलकोट रेलवे स्टेशन पर अपने दोस्तों के साथ मंगलवार रात को टहल रहे 18 वर्षीय गांव बरनाला निवासी राहुल व अन्य पर एक दर्जन युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में राहुल और बैंक कालोनी वासी निवासी विनय को चाकू घोंपा गया। गंभीर हालत में दोनों को सिटी सिविल अस्पताल से गवर्नमेंट मेडिकल कालेज सेक्टर-32 में रेफर किया गया, जहां देर रात को राहुल ने दम तोड़ दिया। कैंट जीआरपी ने छह नामजद सहित अन्य युवकों के खिलाफ हत्या का मामला बुधवार सुबह दर्ज किया। मगर, दोपहर तक किसी की गिरफ्तारी न होने पर राहुल के परिजनों व ग्रामीणों ने नारायणगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। डीएसपी बलजीत सिंह के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम खोला। उधर, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी छापेमारी कर रही है।
दोस्त की सुलह नहीं कराना बना मौत की वजह
बरनाला निवासी राहुल का कसूर केवल इतना था कि उसने एक झगड़े में सुलह नहीं करवाई थी और इसी के चलते विक्की लाला गैंग के सदस्य उससे खुन्नस खाने लगे। राहुल के रिश्तेदार शमशेर व प्रीतपाल ने बताया कि करीब दो माह पहले बदमाश प्रवृत्ति के विक्की लाला का झगड़ा राहुल के करीबी दोस्त सचिन से हो गया था। झगड़े में विक्की ने सचिन की टांग तोड़ दी थी जिसकी शिकायत बलदेव नगर थाना पुलिस को की गई थी। इसी के आधार पर विक्की कुछ दिन जेल में बंद रहा। आरोप है कि विक्की ने सचिन से सुलह कराने के लिए राहुल से संपर्क किया, मगर राहुल ने इंकार कर दिया। इसी वजह से विक्की राहुल से भी दुश्मनी रखने लगा। शमशेर ने बताया कि मंगलवार रात करीब आठ बजे राहुल अपने दोस्त 18 वर्षीय विनय निवासी सिटी बैंक कालोनी और ऋतिक के साथ धूलकोट रेलवे स्टेशन पर घूम रहा था तभी एक दर्जन युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
सिविल अस्पताल में भी इकट्ठा हुए थे हमलावर
शमशेर ने बताया कि जिस समय दोनों घायलों को सिटी सिविल अस्पताल ले जाया गया, वहां भी हमलावर रात्रि करीब नौ बजे इकट्ठा हुए थे और गुंडागर्दी दिखा रहे थे। पुलिस तब तक मौके पर नहीं पहुंची थी। इसके बाद वह राहुल व विनय को चंडीगढ़ ले गए, जहां राहुल ने दम तोड़ दिया। जीआरपी ने जंडली निवासी तरणदीप गिल, पवन, हन्नी, पूनिया, नाहन हाउस निवासी झुंडी, शिवपुरी कालोनी निवासी अनिल व अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। जीआरपी थाने के एसएचओ रामबचन ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर छापेमारी शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी जीआरपी की गिरफ्त में होंगे।
गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों का फूटा गुस्सा
दोपहर तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर राहुल के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। राहुल के माता-पिता सहित गांव से दर्जनों लोगों ने नारायणगढ़ रोड पर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया। मंडौर गांव के पास लगाए गए इस जाम में दोनों तरफ से आ रहे वाहनों को रोक लिया गया। सूचना पाकर पंजोखरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची जिसके बाद बलदेव नगर थाना व चौकी का स्टाफ भी पहुंच गया। राहुल के चाचा हरपाल व अन्य ने आरोप लगाया कि पुुलिस ने अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जबकि हत्या का यह मामला मंगलवार रात का है। परिजनों ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की भी मांग की। उधर, रोड जाम होने से नारायणगढ़ रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। पंजोखरा साहिब गांव से बलदेव नगर की ओर आ रहे वाहनों को डायवर्ट किया गया। डीएसपी बलजीत सिंह व एसएचओ रजनीश यादव ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद शाम करीब पांच बजे जाम खोला गया।
तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था राहुल
बरनाला का रहने वाला राहुल तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मां मनप्रीत कौर है जबकि पिता सुरेंद्र कुमार ऑटो चलाते हैं। परिवार को जैसे ही बेटे की मौत की जानकारी मिली तो उनके पैरों तले जमीन निकल गई। रो-रोकर परिवार सदस्यों का बुरा हाल था। बताते हैं कि राहुल ज्यादातर समय जीरकपुर में अपनी नानी के पास रहता था।